हिसार के गांधी चौक पर स्थित चौधरी ज्वेलर्स के संचालक कपिल ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक ऋषि नगर का निवासी था और उसके दो नाबालिग बच्चे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद शहर के ज्वेलर्स व्यापारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कपिल ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े थे और इलाके में काफी जाने-पहचाने थे। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के पीछे किसी कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।