सेना के जवानों के एटीएम डेबिट कार्ड क्लोन बनाकर रुपये निकालने के मामले थम नहीं रहे हैं। अब भी कैंट चौकी पुलिस के पास लगातार शिकायतें आती जा रही हैं।
पुलिस के पास एक और फौजी ने उसके साढ़े 16 हजार रुपये खाते से उड़ाए जाने की शिकायत मिली है। पुलिस ने फौजी की शिकायत दर्ज कर ली है। उधर, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से इश्तहार भी जारी कर दिए हैं।
शिकायतकर्ता फौजी ने बताया कि वह घर गया हुआ था। जब वह छुट्टी से लौटा तो उसने अपना खाता चेक किया। उसके खाते से साढ़े 16 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।
शिकायत के बाद फौजी ने भी अपना अकाउंट बंद करवा दिया है। पुलिस की मानें तो क्लोनिंग करने वालों ने अभी तक कितने सेना के जवानों को शिकार बनाया है यह भी कह पाना मुश्किल हैं क्योंकि लगातार मामले सामने आ रहे हैं।
शिकायकर्ताओं की संख्या अब बढ़कर 16 हो गई है।
तीनों एटीएम की फुटेज पुलिस को मिली तीनों में दो वही व्यक्ति
पुलिस ने तीनों स्थानों के एटीएम की फुटेज हासिल कर ली है। तीनों में वही अंगोछा से चेहरा ढके युवक और टोपी पहने हुए उसका साथी दिखाई दे रहा है।
पहली वारदात उन्होंने 9 नवंबर के आसपास की। उसके बाद वे सेक्टर-13 में करीब 11 बजे के आसपास गए। तीसरी वारदात उन्होंने जिंदल चौक स्थित एटीएम से रुपये निकाले।
हाथ में थी क्लोन से तैयार किए गए डेबिट कार्ड के पासवर्ड
सीसीटीवी में साफ दिख रहा था कि सफेद अंगोछे वाले व्यक्ति के हाथ में एक लिस्ट थी। जिस पर डेबिट कार्ड के पासवर्ड लिखे हुए थे। वे एटीएम निकालकर बार-बार लिस्ट से देखकर पासवर्ड डालते रहे और कैश निकालते रहे।
इश्तहार तैयार करवाकर जारी करवा दिए गए हैं। आम लोगों से अपील है कि अगर ऐसे कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर सूचना दे सकते हैं।
ललित कुमार, एसएचओ सदर थाना।