बरवाला के सतलोक आश्रम प्रमुख आरोपी रामपाल और अन्य पर देशद्रोह के मामले में सेंट्रल जेल-वन में लगी अदालत में शुक्रवार को आरोप तय हो गए। इसके अलावा दो हत्या के मामलों में सुनवाई हुई। देशद्रोह के मुकदमे में 5 सितंबर और दो अन्य मुकदमों में 8 अगस्त की तारीख तय की गई।
सतलोक आश्रम प्रकरण में रामपाल और अन्य आरोपियों की दिल्ली रोड पर सेंट्रल जेल-वन में सुनवाई हुई। राजगढ़ रोड स्थित जेल में बंद रामपाल की वीसी के जरिये पेशी हुई और बाकी आरोपी पेश हुए। पुलिस ने देशद्रोह के मुकदमे में 937 आरोपी बनाए हैं। इन आरोपियों पर केस विचाराधीन है।
पुलिस ने इस मामले में निचली अदालत में 5500 से ज्यादा पन्नों का चालान पेश किया था। पन्ने ज्यादा होने के कारण आरोपियों को चालान सीडी में दिया गया था। रामपाल के अधिवक्ता महेंद्र सिंह नैन ने बताया कि अदालत में देशद्रोह के मुकदमें में रामपाल और अन्य पर आरोप तय हुए हैं। इसमें आपराधिक गतिविधियां अधिनियम को हल्का किया है। मुकदमे की अगली सुनवाई 5 सितंबर को होगी।
पुलिस ने समर्थकों को खदेड़ा
सतलोक आश्रम प्रकरण में रामपाल के तीन मुकदमों की पेशी के दौरान शुक्रवार को उनके समर्थक जेल के आस-पास पहुंचे। लेकिन वे पुलिस के कड़े सुरक्षा प्रबंधों के कारण जेल और टाउन पार्क के आस-पास टिक न सके। हालांकि इस पेशी पर समर्थकों की संख्या कम रही।