हिसार में हादसे में हुई थी दो सगी बहनों की मौत।
- फोटो : फाइल
हरियाणा के हिसार जिले के मंडी आदमपुर खंड के गांव ढाणी मोहब्बतपुर में 16 मार्च को दो सगी बहनों की जलने से मौत हादसा नहीं हत्या थी। घटना के बाद मौके से लापता पिता छोटूराम का शव राजस्थान के झांसल के पास सिद्धमुख ब्रांच नहर से बरामद हुआ है। राजस्थान पुलिस ने मृतक छोटूराम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
माना जा रहा है कि दोनों बेटियों को जलाने के बाद छोटूराम ने नहर में कूद कर आत्महत्या की है। एसपी हिसार के सुरक्षा एजेंट की शिकायत पर छोटूराम व अन्य परिजनों के खिलाफ आदमपुर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव झांसल के पास सिद्धमुख ब्रांच नहर में ग्रामीणों को शव दिखाई दिया। भिरानी पुलिस ने शव की पहचान हिसार के आदमपुर खंड के गांव ढाणी मोहब्बतपुर निवासी छोटूराम के रूप में की।
भिरानी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। शुक्रवार शाम को छोटूराम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आदमपुर पुलिस ने इस मामले में सुरक्षा एजेंट पवन कुमार के बयान पर दोनों बच्चियों के पिता छोटूराम व अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या, षड्यंत्र समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि 16 मार्च को गांव मोहब्बतपुर में छोटूराम के घर में आग लगने की सूचना मिली थी। इसमें छोटूराम की बेटी मोनिका व रिंकू की जिंदा जलने से मौत हो गई थी। छोटूराम घटना के समय से ही गायब था। घर पर डीजल की खाली बोतल मिली थी।
पवन कुमार ने बयान में बताया कि खुफिया तौर पर जांच करने पर उसे पता चला कि छोटूराम ने मोनिका व रिंकू की हत्या करके सुबूत नष्ट करने की नीयत से कमरे में आग लगाई। हत्याकांड में छोटूराम की अहम भूमिका हो सकती है और इसके परिवार की भूमिका भी संदिग्ध है।
एसपी हिसार के सुरक्षा एजेंट के बयान पर सगी बहनों के पिता छोटूराम व अन्य परिजनों के खिलाफ धारा 302, 201 व 120बी के तहत मामला दर्ज किया था। छोटूराम का शव भिरानी पुलिस को राजस्थान की सिद्धमुख नहर से बरामद हुआ है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस हत्याकांड की गंभीरता से जांच कर रही है। - मंदीप बलराज सिंह, थाना प्रभारी आदमपुर