23 सितंबर 2015 में सरपंच पद के उम्मीदवार झिड़ी निवासी संदीप गोदारा की गोली मार हत्या की थी। संदीप गोदारा, दीप्ति गैंग से जुड़ा था और इसी गिरोह ने किशोरी की हत्या की थी। गैंगस्टर संदीप बिश्नोई पर हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 23 आपराधिक केस दर्ज हैं।
राजस्थान में नागौर कोर्ट के बाहर मुख्य मार्ग पर सोमवार को बाइक सवारों के हमले में मारे गए हरियाणा के हिसार जिले के मंगाली गांव के रहने वाले गैंगस्टर संदीप सेठी उर्फ संदीप बिश्नोई ने वर्ष 2013 में हिसार के किशोरी गिरोह से जुड़कर अपराध की दुनिया में कदम रखा। किशोरी गिरोह के सरगना किशोरी की दीपक उर्फ दीप्ति गैंग ने 2013 में जवाहर नगर के सामने हत्या कर दी थी।
विज्ञापन
इसके बाद हिस्ट्रीशीटर संदीप बिश्नोई ने गिरोह की कमान संभाली। 23 सितंबर 2015 को झिड़ी गांव में सरपंच पद के उम्मीदवार संदीप गोदारा की संदीप सेठी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। संदीप गोदारा, दीपक उर्फ दीप्ति गैंग से जुड़ा था। संदीप गोदारा ने 2015 में संदीप सेठी पर हमला करने की साजिश रची थी। इसका पता चलने पर संदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर संदीप गोदारा की हत्या की दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगाली गांव निवासी संदीप उर्फ सेठी पर हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, फिरौती, रंगदारी समेत 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या के एक मामले में संदीप सेठी नागौर की जेल में बंद था। कुछ समय पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था। इस दौरान बड़े काफिले के साथ वह गांव भी आया था। इसका एक वीडियो वायरल हुआ था।
राजस्थान में पुलिसकर्मी को गाड़ी से कुचल दिया था
जानकारी के अनुसार हरियाणा के साथ-साथ गैंगस्टर संदीप सेठी अपने गिरोह को राजस्थान में भी सक्रिय कर रहा था। वहां पर उसने हत्या और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि संदीप राजस्थान में हथियारों की सप्लाई करता था। राजस्थान में एक पुलिसकर्मी को गाड़ी से कुचलकर हत्या करने में भी संदीप उर्फ सेठी का नाम सामने आया था।
पिता पहले बेचते थे दूध, अब शराब ठेकेदार
सूत्रों के अनुसार गैंगस्टर संदीप उर्फ सेठी के पिता कृष्ण कुमार पहले दूध बेचने का काम करते थे। कुछ समय से उनके पिता शराब के ठेके लेते हैं। संदीप का भाई काफी समय से राजस्थान में ही रहता है।