हिसार। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने अपने पार्टनर पर जहर देकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अस्पताल में उपचाराधीन राजस्थान निवासी महिला ने बताया कि उसका अपने पति के साथ अदालत में केस चल रहा है। वह हिसार में संदीप नामक व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में पिछले चार साल से रह रही है। पीड़ित ने बताया कि पिछले दो माह से उनके बीच छोटी-छोटी बात को लेकर झगड़ा होने लगा। उसने आरोप लगाया कि मंगलवार रात को संदीप ने उसे कुछ गोलियां पानी में मिलाकर दी और कहा कि इनसे उसकी सारी टेंशन दूर हो जाएगी। पीड़ित के अनुसार उसने विश्वास करके वह पानी पी लिया। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। पड़ोसियों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित ने आरोपी पर दुष्कर्म करने का आरोप भी लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नियमानुसार लीगल एडवाइजर को मौके पर बुलाकर पीड़ित के बयान दर्ज किए गए। जांचकर्ता एसआई राजरानी के अनुसार बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।