अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। गांव बाड्या जाटान में जमीन के विवाद को लेकर पोते ने अपने दादा की एक आंख फोड़ दी व नाक की हड्डी तोड़ दी। सदर थाना पुलिस ने घायल चुन्नीराम की शिकायत पर उसके पोते संदीप के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।
अपनी शिकायत में चुन्नीलाल ने बताया कि वह विवाहित है, लेकिन उनकी औलाद नहीं है। दोनों पति-पत्नी वृद्धा पेंशन से अपनी गुजर बसर करते हैं। शनिवार रात को वह अपने घर पर पत्नी शांति देवी के साथ खाना खा रहे थे। तभी उनके भाई कीड़ूरात का पोता संदीप आया और उस पर लकड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में उनकी एक आंख फूट गई व नाक की हड्डी टूट गई। इस हमले से वह जमीन पर गिर गए उसके बाद आरोपी ने उनकी छाती पर लात मारना शुरू कर दिया। जब उनकी पत्नी ने बचाव के लिए शोर मचाना शुरू किया तो पड़ोसियों के वहां आने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। चुन्नीलाल ने अनुसार आरोपी पोता उनके घर की जमीन को हड़प करना चाहता है। आरोपी बार-बार जमीन को उसके नाम पर करवाने के लिए धमकी देता है। शनिवार को भी आरोपी ने उनसे कहा कि अगर जमीन उसके नाम पर नहीं करवाई तो इस बार वह दोनों को जान से मार देगा।