अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अपने पति को खोने वाली गेजो देवी ने करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान पर तपती सड़क पर बैठकर अपने पति का शव लघु सचिवालय के सामने रखकर न्याय मांगा। आंखों में आंसू लिए पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुहार लगाई। मृतक वेदप्रकाश की बहन मीरा ने भी विलाप करते हुए न्याय मांगा। पीड़ितों का खाकी पर गुस्सा फूटा।
रावलवास खुर्द के बुजुर्ग वेदप्रकाश का शव लघु सचिवालय के मेन गेट के सामने रखकर परिजनों व ग्रामीणों ने डेढ़ घंटा प्रदर्शन किया। वे हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। डीएसपी सिद्घार्थ ढांडा के समझाने पर वे शव उठाकर चले गए।
जानकारी के अनुसार बालसमंद चौकी पुलिस ने बुधवार को रावलवास खुर्द के वेदप्रकाश के शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उसके बाद करीब 50 परिजन और ग्रामीण शव लेकर दोपहर सवा एक बजे राजगढ़ रोड पर पहुंच गए। उसके बाद वे लघु सचिवालय के मेन गेट के सामने रोड पर शव रखकर रोष प्रदर्शन करने लगे। वे हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। रोड पर शव रखकर प्रदर्शन करने की सूचना मिलने पर डीएसपी सिद्घार्थ ढांडा, सदर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिहाग और नायब तहसीलदार हरकेश गुप्ता मेन गेट पर पहुंचे। वहां पुरुष और महिला पुलिस बल तैनात था। प्रदर्शनकारियों में पुलिस के प्रति रोष था। गांव मोहब्बतपुर निवासी रिसाल सिंह ने बताया कि वेदप्रकाश उसका मौसेरा भाई था। उसने बताया कि पुलिस मामले में ढील बरत रही है। मृतक की बहन मीरा को रो-रोकर बुरा हाल था। करीब पौने तीन बजे डीएसपी ढांडा ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तो परिजनों ने सड़क से शव को उठाया।
यह है मामला
रावलवास खुर्द का वेदप्रकाश मंगलवार दोपहर को घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। तभी कार में पांच आदमी आए थे। वे कार से उतरकर वेदप्रकाश से मारपीट कर फरार हो गए थे। परिजन वेदप्रकाश को सिविल अस्पताल में ले गए थे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक के परिजनों ने गांव के रामकुमार और चार अन्य के खिलाफ शिकायत दी थी। सदर थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।