अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नाबालिग नौकरानी के साथ दुष्कर्म के आरोपी प्रोफेसर मोहनलाल बंसल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
आदमपुर क्षेत्र की करीब 16 वर्षीय नाबालिग ने बताया कि उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। जिसके बाद से वह अपने एक धर्म भाई के जरिए हिसार में आई थी। युवक ने उसे एचएयू के इंजीनियरिंग कॉलेज में बेसिक इंजीनियरिंग एचओडी मोहनलाल बंसल की कोठी पर नौकरी दिलाई थी। करीब बीस दिन पहले उसने 5000 रुपये महीने के हिसाब से नौकरी शुरू की थी। मोहनलाल बंसल के परिवार के अन्य लोग विदेश में रहते हैं। रविवार 10 सितंबर को जब वह काम कर नीचे आई तो मोहनलाल बंसल ने उसे कमरे में खींचकर कमरा बंद कर लिया। पीड़ित ने बाद में पुलिस को कंट्रोल रूम में कॉल किया। जिसके बाद पुलिस ने सेक्टर 15 स्थित कोठी नंबर 244 पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाईन थाना पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ रेप करने व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था। सिविल लाइन चौकी प्रभारी नरेंद्र पाल ने बताया कि आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। अदालत के निर्देश के अनुसार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।