अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिविल लाइन पुलिस ने फोन पर प्रलोभन देकर बालसमंद रोड की प्रोफेसर कॉलोनी के रामजीदास से 50 लाख रुपये ठगने के दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने दिल्ली के सुरेंद्र व जतिन को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको 7 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। शिकायतकर्ता एचएयू का रिटायर्ड कर्मचारी है।
पुलिस के अनुसार प्रोफेसर कॉलोनी के रामजी दास के पास अप्रैल महीने किसी का फोन आया था। फोन करने वाले ने बताया था कि आईसीआईसीआई बैंक का एक प्लान है। प्लान के अनुसार शेयर मार्केट में पैसा लगाने से काफी मुनाफा होता है। फोन करने वाले ने शिकायतकर्ता की कंपनी के सीओ गुलाटी से बात करवाई थी। उसने विश्वास दिलाकर कहा था कि अगर कोई दिक्कत आई तो हम बैठे हैं। आपको कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। शिकायतकर्ता ने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया था। उन्होंने बार-बार फोन करके रुपये भेजने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग खातों में अलग-अलग किस्तों में 40-50 लाख रुपये जमा करा दिए। बाद में उन मोबाइल नंबरों पर संपर्क होना बंद हो गया। सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया था। सिविल लाइन पुलिस ने फोन नंबर के आधार पर दिल्ली के सुरेंद्र और जतिन को गिरफ्तार किया है।
एचएयू कर्मी से फोन पर झांसा देकर 50 लाख रुपये ठगने के दो आरोपी गिरफ्तार