अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
वन्य प्राणी रक्षा विभाग की टीम ने रविवार को गांव लांधड़ी में बरवाला के युवक को दो कछुओं के साथ गिरफ्तार किया। यह युवक बरवाला के एक चिकित्सक को कछुए बेचता था। कछुए से चिकित्सक दमा की दवाइयां तैयार करता था।
वन्य प्राणी रक्षा विभाग के इंस्पेक्टर रामेश्वर दास, निरीक्षक बुधराम, प्रवीण कुमार, भजनलाल की टीम ने रविवार सुबह अग्रोहा खंड के गांव लांधड़ी में युवक सिकंदर को गिरफ्तार किया। सिकंदर के पास भारतीय नस्ल के दो कछुए बरामद किए। टीम ने पूछा तो सिकंदर ने बताया कि राजू नाम का चिकित्सक उनसे कछुआ मंगाता था। एक कछुआ के बदले उसे 300 रुपये देता था। बरवाला का यह राजू चिकित्सक उनके घर पर आकर ही खरीद करता था। खुद को चिकित्सक बताने वाला राजू कहता था कि कछुआ से दमा की दवाइयां तैयार करता है। सिकंदर की निशानदेही पर वन विभाग की टीम ने बरवाला में भी छापेमारी की, लेकिन राजू चिकित्सक तक नहीं पहुंच सके। आरोपी सिकंदर को सोमवार को कुरुक्षेत्र स्थित पर्यावरण अदालत में पेश किया जाएगा। यहां उस पर 10 हजार से 25 हजार तक का जुर्माना हो सकता है। आरोपी को तीन से सात साल तक की कैद भी हो सकती है। वन्य प्राणी विभाग की टीम फिलहाल इस पूरे गैंग तक पहुंचना चाहती है। मामले में शामिल मिले सभी लोगों की गिरफ्तारी होगी।
फोटो 19
- वन्य प्राणी रक्षा विभाग की टीम ने की छापेमारी