अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। एक मामले की जांच कर रही लेडी हेड कांस्टेबल के साथ डीएसपी के रीडर ने गलत व्यवहार किया। लेडी हेड कांस्टेबल ने सिविल लाईन थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपी हेड कांस्टेबल राजेश के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 ए 509 व एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत में लेडी हेड कांस्टेबल ने बताया कि वह महिला थाना में तैनात है। महिला थाना में 25 अगस्त को एक केस दर्ज हुआ था। जिसकी जांच वह कर रही थी। इस मामले में आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए डीएसपी से जिमनी (केस की डिटेल व जांच का ब्यौरा ) की जरूरत थी। जिमनी लेने के लिए डीएसपी के रीडर राजेश के पास गई। रीडर ने लेडी कांस्टेबल से कहा कि यहां पर काम ज्यादा है। भीड़ भी ज्यादा है इसलिए वह बाद में जिमनी दे देगा। लेडी हेड कांस्टेबल उनके पास जिमनी लेने के लिए जाती तो वह हर बार कोई बहाना बनाकर टाल देता। रीडर करीबन दस दिन तक उनको जिमनी के लिए चक्कर कटवाता रहा।
फोन पर बोले अपशब्द
लेडी कांस्टेबल के अनुसार उन्होंने रविवार को राजेश के पास फोन करके जिमनी देने के लिए बातचीत की। इस दौरान लेडी कांस्टेबल घर पर थी। उनका फोन स्पीकर पर था। बातचीत के दौरान रीडर राजेश ने उनसे फोन पर अश्लील शब्द कहे जो उनके घरवालों व बच्चों ने भी सुने। उनके घर पर आपस में विवाद हो गया। इस बात की शिकायत करने वह जब आरोपी राजेश के पास सिटी थाना में गई तो वहां पर भी आरोपी ने माफी मांगने के बजाय हंसने लगा।
लेेडी हेड कांस्टेबल की तरफ से शिकायत मिली है। मामले में दोनों पक्षों को बुलाकर जांच की जाएगी। दोषी के खिलाफ नियमानुसार कारवाई की जाएगी।
- दलजीत सिंह बैनीवाल, डीएसपी हिसार ।