हिसार। जिले के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को कोरोना से पीड़ित 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में 17 कैदियों समेत 198 लोगों की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें चार चिकित्सक, दो पुलिस कर्मी, 33 विद्यार्थी, चार बैंककर्मी, 2 रेलवे कर्मी, एक सेना का जवान शामिल है।
अब जिले में सक्रिय केसों की संख्या 1126 हो गई है। बता दें कि पिछले तीन दिन में जिले में 735 संक्रमित मिल चुके हैं। शनिवार को 262, रविवार को सर्वाधिक 272 संक्रमित मिले थे। महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा के कोविड-19 हॉस्पिटल में सोमवार को हिसार निवासी 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी एवं डीएमएस डॉ. राजीव चौहान ने बताया कि हॉस्पिटल में कराई गई 52 लोगों की जांच में 20 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से दो लोगों को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। अब अस्पताल में भर्ती संक्रमितों की संख्या 11 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने तीन कोविड सेंटर बनाए
कोरोना के बढ़ते संक्रमितों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने तीन कोविड सेंटर बना दिए हैं। यादव धर्मशाला में बने 35 कमरों के कोविड सेंटर को सोमवार से शुरू कर दिया गया। कोविड सेंटर में 105 बेड की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। सोमवार को कोविड केयर सेंटर में 21 संक्रमित कैदियों को भर्ती किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड सेंटर के लिए बनाई टीम में एक चिकित्सक, दो नर्सिंग स्टाफ, वार्ड सर्वेंट को नियुक्त किया है। कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन बेड, वेंटिलेटर, दवाइयां सारी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जरूरत के मुताबिक कोविड सेंटरों में सुविधा बढ़ा दी जाएगी। होम आइसोलेट मरीजों की देखरेख के लिए भी टीमें गठित की गई है।
जिले में कोविड सुविधा की स्थिति
- बेड 1379
- ऑक्सीजन बेड- 967
- आईसीयू- बेड - 252
- वेंटिलेटर - 213
- कोविड केयर सेंटर - 3
बच्चों के लिए सुविधा
- बेड - 161
- ऑक्सीजन बेड - 117
- आईसीयू बेड - 100
- वेंटिलेटर - 41
लोगों से सहयोग की आवश्यकता
लोगों से सहयोग की आवश्यकता है। सर्दी जुकाम के लक्षण दिखने पर जांच करा लें। हमारी टीम सैंपलिंग करने में लगी है। प्रतिदिन 2000 से 2500 सैंपल लिए जा रहे हैं।
डॉ. सुभाष खतरेजा, डिप्टी सीएमओ
वैक्सीन से वायरस का खतरा कम होता है
लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। टीम द्वारा लोगों को जागरूक किया भी जा रहा है। सैंपलिंग के माध्यम से वायरस के प्रसार को रोकने की कोशिश की जा रही है। लोगों को वैक्सीन लगवानी चाहिए। वैक्सीन से वायरस का खतरा कम हो जाता है।
डॉ. सन्नी मल्होत्रा, नोडल अधिकारी आईडीएसपी।
6299 ने लगवाई वैक्सीन
सोमवर को 6299 लोगों को वैक्सीन लगाई गई, जिसमें 15 से 178 साल की आयु के 819 बच्चों को वैक्सीन लगाई गई। 152 लोगों ने एहतियात डोज ली। जिले में 15 से 18 साल के कुल 63742 किशोर टीका लगवा चुके हैं।