नारनौंद (हिसार)। एसडीएम के क्लर्क कुलदीप व रीडर सुनील पर फर्जी हस्ताक्षर कर कागज तैयार करने के आरोप में नारनौंद थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पनिहारी गांव निवासी कृष्ण कुमार ने कहा है कि नारनौंद तहसील में उसके नाम एक गाड़ी रजिस्टर्ड थी। आरोप है कि नारनौंद एसडीएम नारनौंद के रीडर सुनील, क्लर्क कुलदीप व करनाल के एक्सिस बैंक मैनेजर बलदेव सिंह ने उसके फर्जी हस्ताक्षर व फर्जी कागजात तैयार करवाकर करनाल निवासी रोहित के नाम एनओसी जारी कर दी है। जबकि गाड़ी का पोल्यूशन भी 7 जनवरी को खत्म हो चुका था।
शिकायत में कृष्ण कुमार ने कहा है कि 28 फरवरी को आरोपियों ने एनओसी जारी की है। उसको इस बारे में जब पता चला तो उसने नारनौंद के एसडीएम ऑफिस में जाकर अपनी फाइल निकलवाई। जिसमें देखा कि फाइल में कृष्ण के भी हस्ताक्षर फर्जी किए हुए हैं। आधार कार्ड का नंबर भी एडिट कर रखा है। उस फाइल की उसने फोटो भी लिए हुए हैं। जिसमें सब कुछ फर्जी है। इस बारे में जब उसने क्लर्क कुलदीप व रीडर सुनील कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि ये गाड़ी और के नाम कर दी है और उन्होंने कहा कि वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
आरोप है कि आरोपियों ने कृष्ण को एसडीएम से नहीं मिलने दिया। इसके बाद कृष्ण ने एसडीएम को इसकी सूचना उनकी मेल आईडी पर दी, लेकिन एसडीएम ने मेल पर कोई एक्शन नहीं लिया। फिर कृष्ण ने एसपी हांसी कार्यालय में तीनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत के आधार पर नारनौंद थाना पुलिस ने रीडर सुनील, क्लर्क कुलदीप व बैंक मैनेजर बलदेव के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज का जांच शुरू कर दी है।