हादसे में मृतक बाइक सवार का शव ले जाते पुलिसकर्मी व अन्य।
- फोटो : Hisar
हांसी/हिसार। दिल्ली बाईपास रोड पर गांव ढाणा के निकट सोमवार की सुबह करीब 6 बजे पीछे से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चला रहे रवि की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में रवि के पिता भगवान भगत गंभीर घायल हो गए। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा।
जानकारी के अनुसार हिसार के मिल गेट निवासी भगवान भगत अपने पुत्र रवि कुशवाहा के साथ बाइक पर सवार होकर हिसार से धारूहेड़ा जा रहे थे। हांसी से निकलकर गांव ढाणा के निकट एक कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक के पीछे बैठा भगवान भगत दूर जा गिरा। बाइक चला रहा रवि कुशवाहा सड़क पर सिर के बल जा गिरा। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक 35 वर्षीय था। भगवान भगत घायल हो गया। कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने बताया कि कार की स्पीड इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। घायल भगवान भगत की हालत गंभीर बताई जा रही है।