हिसार। केमिस्ट संचालक से लाइसेंस जारी करने के नाम पर चालीस हजार की रिश्वत लेने के मामले में फरार चल रहे ड्रग कंट्रोल अधिकारी सुरेश चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया है। विजिलेंस टीम ने इस बारे में आरोपी को जल्द पेश करने के लिए परिवार और जानकारों को चेतावनी दी है। अगर सुरेश चौधरी की गिरफ्तारी जल्द नहीं होती है तो उसे भगौड़ा घोषित कर दिया जाएगा।
मामले में सिरसा विजिलेंस में इंस्पेक्टर अनिल सोढ़ी ने बताया कि साइबर सेल की मदद से सुरेश चौधरी के मोबाइल नंबरों को ट्रेस करने का प्रयास जारी है। उसके सभी नंबर बंद हैं। उन्होंने कहा कि वह नए नंबरों से व्हाट्सएप और इंटरनेट कॉलिंग के जरिये अपने परिवार व जानकारों के संपर्क में है, इसलिए साइबर सेल की मदद से सुरेश चौधरी के परिवार व रिश्तेदारों के नंबरों को भी ट्रेस किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सोमवार को विजिलेंस टीम ने सुरेश चौधरी की गिरफ्तारी के लिए जींद के गांव जामणी में दबिश दी थी। वहीं, सूत्रों के अनुसार विजिलेंस टीम को सुरेश चौधरी के बारे में कई लोकेशन मिली, लेकिन कोई पुख्ता नहीं थी। लोकेशन कभी गुवाहाटी तो कभी कश्मीर की मिल रही है।