हिसार । डेंगू, कोरोना के साथ ब्लैक फंगस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अग्रोहा मेडिकल कालेज में ब्लैक फंगस का एक मरीज जबकि शहर के तीन निजी अस्पतालों में तीन मरीज दाखिल है। ब्लैक फंगस के मरीजों की जांच करने पर पहली बार टीबी के लक्षण भी मिले हैं।
आईएमए प्रधान डॉ. जेपीएस नलवा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में लगातार ब्लैक फंगस के मामले मिले हैं, जिनमें 50 प्रतिशत मरीजों में टीबी के भी लक्षण मिले हैं। अब तक अग्रोहा मेडिकल कालेज में ब्लैक फंगस के 445 मामले मिल चुके हैं। यह मरीज ब्लैक फंगस से पीड़ित होने के साथ-साथ कोविड मरीज थे, इनको शुगर भी थी।
जिला सर्विलांस अधिकारी और आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि मंगलवार को जिले में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। फिलहाल जिले में चार एक्टिव केस और रिकवरी रेट 97.88 प्रतिशत है।
अब दूसरी डोज बढ़ाने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से वैक्सीनेशन की दूसरी डोज की संख्या बढ़ाने के लिए अब प्रत्येक वार्ड में वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में वैक्सीन कैंप लगाए जाएंगे। जिले में वैक्सीनेशन के प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. अरुण ने बताया कि उपायुक्त के आदेशों के बाद इस सप्ताह पार्षदों के साथ मिलकर वार्डों में वैक्सीनेशन अभियान चलाए जाएंगे। जिले में वैक्सीन की पहली डोज 1024381 ने लगवाई है, जबकि दूसरी डोज 453745 ने लगवाई है। उपायुक्त ने दूसरी डोज बढ़ाने पर जोर दिया है।
15 केंद्रो पर लगे 9420 को टीके
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 15 केंद्रो पर वैक्सीन लगाई गई। कुल 9420 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें 60 से अधिक आयु वर्ग में 81 लोगों को, 45 से 60 के आयु वर्ग में 313 लोगों को तथा 18 से 44 के आयु वर्ग में 1349 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
कब कहां लगेंगे शिविर
वार्ड नंबर एक के दिव्यांग विकलांग केंद्र 08 दिसंबर
सामुदायिक सेंटर ऋषि नगर 09 व 10 दिसंबर
वार्ड-2 के प्याऊ बाबा विश्वकर्मा समिति 08 दिसंबर
वरिष्ठ नागरिक क्लब, सेक्टर-14 09 दिसंबर
सत्यनारायण मंदिर न्यू ग्रीन मार्केट 10 दिसंबर
सामुदायिक केंद्र सुंदर नगर 11 दिसंबर
विभिन्न वार्डो में वैक्सीनेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है। तय पहुंचकर अपना वैक्सीनेशन जरुर करवाएं। दूसरी डोज बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। - डॉ. तरुण, डिप्टी सीएमओ, हिसार