हिसार। अफीम तस्करी के मामले में पकड़ा गया राजस्थान के जोधपुर निवासी घेवरराम सदर थाना पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस उसे तीन दिन के रिमांड के दौरान वहां पर लेकर गई हुई थी। इस संबंध में जोधपुर एरिया में आरोपी घेवरराम के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। राजस्थान और सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम को 5 अप्रैल को सूचना मिली थी कि बगला मार्ग से एक कार गुजरने वाली है और कार में दो व्यक्ति सवार है, उनके पास मादक पदार्थ है जिसकी वो तस्करी कर रहे है। वे फतेहाबाद एरिया में अफीम की सप्लाई देने जा रहे हैं। टीम सदस्य सरकारी गाड़ी में बगला मार्ग पर पहुंच गए और वहां नाकेबंदी की। पुलिस कर्मियों ने बगला की तरफ से आई एक कार को रुकवाया था और तलाशी ली तो कार के अदंर से 8 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस कर्मियों ने कार व नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर जोधपुर के घेवरराम व राकेश को पकड़कर सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया था। सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को 6 अप्रैल को अदालत में पेश किया था। जहां से राकेश को जेल भेज दिया था और आरोपी घेवरराम को तीन दिन के रिमांड पर भेजा था।
पूछताछ करने पर घेवरराम ने बताया था कि वह यह अफीम जोधपुर एरिया से खरीदकर लाया है। पुलिस की टीम रिमांड के दौरान आरोपी घेवरराम को साथ लेकर बताए गए स्थान पर गई थी। वह वहां पुलिस हिरासत से फरार हो गया। जोधपुर के संबंधित थाना की पुलिस ने फरार होने वाले आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस बारे में एसएचओ मनदीप ने बताया कि आरोपी को उसके गांव जोधपुर के मीरा नगर झालमड में लेकर गए थे, जहां उसके परिजन पहले से ही हमले के लिए तैयार बैठे थे। परिवार के लोगों ने हमला कर उसे छुड़वा लिया। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।