हिसार। शहर की कालोनियों के बाद अब सेक्टरों में भी पानी का संकट गहरा गया है। तोशाम रोड पर एचएसवीपी के पांच वाटर टैंकों में से तीन टैंक खाली हो चुके हैं। अन्य दो टैंकों में सिर्फ चार दिन का पानी शेष है। ऐसे में सेक्टरवासियों को भी पानी की किल्लत झेलनी पड़ सकती है। उधर, आजाद नगर के जलघर में शनिवार को नई मोटरें लगाई गई हैं। इस कारण पूरे दिन पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। लोगों ने पानी के टैंकर मंगवाकर काम चलाया। हालांकि जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को आजाद नगर एरिया में सुबह, दोपहर और शाम को सप्लाई देने की बात कही जा रही हैं।
बता दें कि एचएसवीपी के वाटर टैंकों से सेक्टर-13 बूस्टिंग स्टेशन, सेक्टर-15 बूस्टिंग स्टेशन, सेक्टर 16-17, विद्युत नगर के बूस्टिंग स्टेशन, अर्बन एस्टेट के बूस्टिंग स्टेशन, पीएलए और सेक्टर 9-11 में पानी की सप्लाई होती है। बूस्टिंग स्टेशनों से सेक्टरों में पानी जाता है। मगर तीन टैंक पूरी तरह खाली हो चुके हैं। अब सेक्टरवासी दो ही वाटर टैंकों पर निर्भर हैं। हालांकि दोनों ही टैंक में तीन-तीन फुट पानी बचा है। इस पानी से सिर्फ चार दिन ही सप्लाई हो सकेगी। एचएसवीपी की ओर से पानी सप्लाई के समय में कटौती की जा रही हैं। हालांकि 15 अप्रैल को नहर में पानी आने की बात कही जा रही है।
सेक्टर-13 में पानी तो साफ आ रहा है, मगर सप्लाई कम आ रही है। इस सप्लाई से सेक्टर के लोगों का काम नहीं चल पाता है। नहरबंदी के कारण पानी की किल्लत बनी हुई है।
- अमरलाल बूरा, आरडब्ल्यूए प्रधान, सेक्टर-13
नहरबंदी के कारण पानी की कटौती कर दी गई है। नहरबंदी से पहले सुबह 3 बजे से सुबह 9 बजे तक सप्लाई आती थी। मगर अब सुबह 7 बजे तक आती है। सप्लाई में आ रहा पानी बिल्कुल साफ है।
- डीएस पानू, आरडब्ल्यूए प्रधान, सेक्टर-33
-
पानी में किसी तरह की शिकायत नहीं हुई, लेकिन सुबह-शाम आधे-आधे घंटे ही पानी की सप्लाई आ रही है। जोकि कम है। नहर आने के बाद पानी की कोई कमी नहीं रहेगी।
- योगराज गर्ग, आरडब्ल्यूए प्रधान, सेक्टर-15
सेक्टर 16-17 में पानी की सप्लाई कम आ रही है। एचएसवीपी की ओर से पानी के टैंकर की कोई व्यवस्था नहीं है। सेक्टरवासी खुद ही अपने खर्चें से पानी के टैंकर मंगवा रहे हैं। 800 रुपये से लेकर एक हजार रुपये में टैंकर मिल रहा हैं।
- जितेंद्र श्योराण, आरडब्ल्यूए प्रधान, सेक्टर 16-17
उधर, जनस्वास्थ्य विभाग ने भिजवाए टैंकर
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कंवरपाल का कहना है कि नहरबंदी के कारण कई क्षेत्रों व कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंच रहा हैं। शनिवार को विभाग की ओर से पड़ाव चौक में 2, गीता कॉलोनी में 2, शिवा कॉलोनी में 1, टिब्बा दानासेर में 1, जवाहर नगर गली नंबर-9 में 3, गली नंबर-4 में 1, सोसायटी चौक में 3, चंद्रलेन कॉलोनी में 2, वाल्मिकी बस्ती में 2 और मॉडल टाउन एक्सटेंशन में 3 पानी के टैंकर भिजवाए गए।
अभी महाबीर कॉलोनी जलघर के एक टैंक में सात फुट पानी बचा है। हमारे पास 15 अप्रैल को पानी पहुंच जाएगा। उसके बाद लोगों को पानी की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी। नहरबंदी से पहले की तरह ही पूरा पानी मिलेगा।
- कंवरपाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग
अभी हमारे पास टैंकों में पांच-छह दिन का पानी बचा हुआ है। यदि जरूरत पड़ी तो सेक्टरों में आखिरी के दिनों में पेयजल आपूर्ति में और भी कटौती की जा सकती है।
- पवन वर्मा, एक्सईएन, एचएसवीपी