सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपी गोली चलाते हुए।
- फोटो : Hisar
हिसार। पुराना टैक्सी स्टैंड के पिछली तरफ स्थित विरेंद्रा वीजा में काम करने वाले एक कर्मी पर चार युवकों ने पॉलिथीन विवाद में गोली चला दी। जेबरा निवासी साहिल का आरोप है कि युवकों ने बारिश से बचने के लिए पॉलिथीन मांगा तो नहीं देने पर करीब डेढ़ घंटे बाद फायरिंग की। सूचना मिलते ही डीएसपी भारती डबास, सिविल लाइन थाना पुलिस और सीआईए मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक नामजद समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस ने बुलाया थाने तो दोबारा आकर किया हमला
विरेंद्रा वीजा के संचालक सचिन ने बताया कि वीरवार शाम करीब चार बजे साहिल कार्यालय के बाहर खड़ा था। उस दौरान वहां एक युवक आया और साहिल से पॉलिथीन मांगा। साहिल ने उसे कहा कि वह बारिश में भीगा हुआ है। पॉलिथीन वह स्वयं जाकर ले आए। सचिन ने बताया कि इस बात पर उस युवक ने साहिल से मारपीट की। इस पर उन्होंने सिविल लाइन थाने में आरोपी दुर्जनपुर निवासी सोनू के खिलाफ शिकायत दे दी। इसके बाद जब पुलिस ने सोनू को फोन कर थाने में बुलाया तो आरोपी ने कहा कि अब तो 307 का ही उस पर पर्चा दर्ज होगा। इसके बाद करीब साढ़े पांच बजे सोनू अपने तीन साथियों के साथ आया और एक के बाद एक कई फायर किए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
तीन खोल बरामद : सूचना मिलने पर डीएसपी भारती डबास, सिविल लाइन थाना पुलिस और सीआईए टीम पहुंची। पुलिस ने मौके से तीन खोल बरामद किए हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस रात भर दबिश देती रही।
साहिल की शिकायत पर सोनू व तीन अन्य के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट, 506 व 323 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है। - एसआई अजय शर्मा, पीएलए चौकी इंचार्ज, हिसार