हिसार। अग्रोहा पीएचसी में एंबुलेंस चालक ने अस्पताल में दवा लेने आई नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की। इसका खुलासा सीसीटीवी फुटेज की वीडियो वायरल होने पर हुआ। फुटेज में आरोपी चालक नाबालिग के साथ अश्लील हरकत करता दिखाई दे रहा है। घटना 28 अगस्त की है। मामले की शिकायत पीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव सामरिया ने अग्रोहा थाना पुलिस को दी है।
वायरल वीडियो में एंबुलेंस चालक बिजेंद्र नाबालिग को दवा देने के बहाने दवा स्टोर में बुलाकर गले लगाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। डॉ. संजीव ने बताया कि वह घटना के दिन बाहर थे। 30 अगस्त को अस्पताल आने पर उन्होंने दवा स्टोर की सीसीटीवी वीडियो को देखा तो घटना का पता चला। इसके बाद स्टाफ से इस बारे में पूछताछ की। अभी नाबालिग मरीज का पता नहीं चल पाया है कि वह कहां की रहने वाली थी। अग्रोहा पुलिस ने पोक्सो एक्ट और 354 धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है।