अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त एवं जिला सैनिक बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. प्रियंका सोनी ने अधिकारियों को समुचित प्रबंध करने के लिए निर्देश जारी किए हैं। 12 से 29 अगस्त तक आयोजित होने वालीभर्ती रैली के लिए युवाओं को तहसील के अनुसार बुलाया जाएगा, जिसका शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। कैंट के सेना भर्ती कार्यालय ग्राउंड में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
विज्ञापन
गुरुवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित वीडियो कांफ्रेंस सभागार में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती रैली के आयोजन को लेकर डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल मोहित सिंह (सेना मेडल), कर्नल रमेश कुमार लोनारी, मेजर आलोक कुमार आदि मौजूद रहे।
भर्ती निदेशक कर्नल मोहित सिंह ने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों का चयन करने के लिए 12 से 29 अगस्त तक भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। योजना के तहत हिसार, सिरसा, जींद और फतेहाबाद के युवकों का 30 जुलाई तक पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकरण के उपरांत 3 से 5 अगस्त तक एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। हिसार कैंट के सेना भर्ती कार्यालय ग्राउंड में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। रैली के दौरान नवयुवक सुबह 3 से 6 बजे तक प्रवेश कर सकेंगे।
विज्ञापन
भर्ती रैली के लिए नवयुवकों को तहसील स्तर के अनुसार बुलाया जाएगा, जिसका शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट पर संबंधित जानकारी एवं पंजीकरण कर सकते हैं। इस अवसर पर एसडीएम अश्वीर नैन, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी एमपी कुलश्रेष्ठ, जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंह सैनी, बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता एसएस राय, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता पेशल शर्मा, सूबेदार मेजर एवं सहायक भर्ती अधिकारी मनबर सिंह, हवलदार दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।