हिसार। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस टीम ने रुपये दोगुने करने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पानीपत निवासी देवेंद्र त्यागी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना अर्बन एस्टेट विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज है। हिसार कैंट निवासी महाबीर ने थाना अर्बन एस्टेट में शिकायत दी कि देवेंद्र त्यागी ने अपने साथियों सहित हिसार हांसी के अनेक होटलों में मीटिंग कर अपने आप को सरकारी कर्मचारी, बहुत सी चल-अचल संपत्ति का मालिक बता और परसु इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड और एस्पायर मेल मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मालिक, डायरेक्टर और एमडी पदाधिकारी बताया था। साथ ही कहा कि हमारी कंपनी रजिस्टर्ड है और कानूनी तौर पर मेल भेजने का काम करती है। इसके साथ ही पेमेंट जमा करने वालों को ग्यारह महीने में लगभग दोगुने वापस कर देती है। वहीं नुकसान होने पर खुद जिम्मेदारी लेने की बात कही थी। शिकायतकर्ता महाबीर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि इतनी सारी बातें सुनकर हमने देवेंद्र पर विश्वास कर लिया।
महाबीर का कहना है कि मैंने व अन्य 45 आदमियों ने कंपनी के एकाउंट में 90 लाख रुपये जमा करवा दिए। परंतु पैसे वापस मांगने के लिए इनसे संपर्क किया तो इन्होंने पैसे देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि इसी तरह देवेंद्र त्यागी व इसके साथियों ने साज-बाज होकर फर्जी कंपनी व फर्जी दस्तावेज तैयार कर हमें झूठा आश्वासन देकर धोखाधड़ी की है।
सहायक उप निरीक्षक जगदीश ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है आरोपी को पेश अदालत कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।