हिसार। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे और कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत वैक्सीनेशन की दोनों डोज लगवाना अवश्य है। वैक्सीन न लगवाने वाले व्यक्तियों का सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह कहना है उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी का। उन्होंने कहा कि मास्क न पहनने पर चालान काटा जाएगा।
उन्होंने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिन्होंने ने कोविड-19 वैक्सीन की दोनों डोज नहीं ली है। उनको कार्यालय में प्रवेश न करने दें। साथ ही अधिकारियों को विदेश से आने वालों पर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए हैं। विदेश से आने वाले व्यक्तियों की शत प्रतिशत सैंपलिंग करने के साथ-साथ उन्हें आइसोलेशन में रखा जाए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल, सिविल सर्जन डॉ. रत्ना भारती, जिला वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. तरुण, डॉ. सुभाष खतरेजा मौजूद रहे।