24 जनवरी को भैंस को साथ लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे आप नेता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी (फाइल फोटो)
हरियाणा के हिसार में लघु सचिवालय में 24 जनवरी को भैंस को साथ लेकर शहर के राजगढ़ रोड से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन करने पर भारत सरकार के पशुपालन विभाग के सेक्रेटरी डॉ. एसके दत्ता ने संज्ञान लिया है। इस मामले में उन्होंने हिसार पशुपालन विभाग को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई के आदेश दिए है।
उनका पत्र आने पर जिला पशुपालन विभाग के उपनिदेशक ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी है। उनकी शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
हालांकि इस मामले में पुलिस को भी जानकारी है कि 24 जनवरी को आप नेता मनोज राठी के नेतृत्व में भैंस को लेकर शहर के मुख्य मार्ग से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला गया था। पुलिस को दी शिकायत में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक ने बताया कि भारत सरकार के एनिमल वेलफेयर बोर्ड आफ इंडिया से एक फरवरी को विभाग को और उपायुक्त को पत्र जारी किया है।
जिसमें बताया गया है कि 24 जनवरी को जिन लोगों ने एकत्रित होकर एक भैंस के जीवन को खतरे में डाला है। उन लोगों के बारे में पता करके उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। इसकी शिकायत उपायुक्त को भी भेजी गई है। यह मामला जनता से संबंधित है। इसमें पुलिस कार्रवाई की जानी अनिवार्य है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज लिया है।
गौरतलब है कि हिसार में यह पहली बार था, जब किसी नेता ने भैंस को लेकर प्रदर्शन किया हो। यहीं नहीं प्रदर्शन में भैंस के मुंह पर मास्क बांधकर और लाठी हाथ में लेकर मनोज राठी ने कहावत कही थी कि जिसकी लाठी उसकी भैंस जैसा काम आज के समय में हो रहा है। मनोज राठी ने कहा था कि उनकी भैंस ने दोनों वैक्सीन लगवा रखी है।
उन्होंने आरोप लगाया था कि नेता रैलियों में जाते है वहां हजारों लोग एकत्रित होते है। लेकिन सरकारी कार्यालयों में जाने के लिए आम जनता को परेशान किया जा रहा है। मनोज राठी ने कहा था कि भैंस को लघु सचिवालय के अंदर जाने दें। उन्होंने कहा था आम आदमी तो बिना वैक्सीन लगवाए सरकारी कार्यालयों में नहीं जा सकता, लेकिन उनकी भैंस तो ज्ञापन देने के लिए अंदर जा सकती है।