हिसार। स्याहड़वा स्थित ईंट भट्ठे पर सोमवार रात करीब डेढ़ बजे दो युवकों ने पिस्तौल के बल पर मुनीम और गाड़ी चालक से 4800 रुपये लूट गए। वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की शिकायत जींद के सैंथली निवासी सुनील कुमार ने आजाद नगर थाने में दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनील ने बताया कि करीब एक महीने से वह स्याहड़वा स्थित श्री श्याम बाबा ब्रिक्स के नाम से स्थापित ईंट भट्ठे पर मुनीम है। सोमवार रात वह गाड़ी चालक सुखदेव के साथ भट्ठे पर सोया हुआ था।
मुनीम सुनील ने बताया कि सोमवार की रात करीब 9 बजे भट्ठे पर बने कमरे में सो गया था। रात करीब साढ़े 12 बजे दो नकाबपोश बदमाश कमरे में घुस गए। इसी दौरान बदमाशों ने उसकी व चालक सुखदेव की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। शोर मचाया तो बदमाशों ने कहा कि शोर मचाया तो गोली मारकर हत्या कर देंगे। बदमाशों ने कहा कि जो भी रुपये यहां रखे हैं, दे दो। उस दौरान दोनों ने उससे 4 हजार व सुनील से 800 रुपये ले लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट भी की। इसके बाद जबरदस्ती दोनों को ईंट भट्ठे के कार्यालय के अंदर ले गए। लॉकर खोलने को कहा। मुनीम ने कहा कि लॉकर की चॉबी उनके पास नहीं है। बदमाशों ने लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बदमाश उस दौरान आपस में गाली-गलौज भी कर रहे थे। बाद में बदमाश उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। चालक सुखदेव ने बताया कि बदमाशों ने लॉकर खोलने के लिए अखबार का इस्तेमाल किया, ताकि अंगुलियों के निशान न आ सकें। इस दौरान बदमाश हरियाणवी भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे।
सेल्समैन के बेटे से चाकू की नोक पर लूटे 5 हजार रुपये
न्यू जवाहर नगर निवासी अंकित ने बाइक सवार दो युवकों पर उससे चाकू की नोक पर लूट का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि उसके पिता फोर्ड एजेंसी में सेल्समैन हैं।
उसने बताया कि उसके पिता ने एक कार रिपेयरिंग के लिए वोक्सवेगन कंपनी में दी हुई थी। वह कंपनी से कार लेने जा रहा था। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब चार बजे वह हाईवे नंबर-9 पर शराब फैक्टरी के पास पहुंचा तो बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो युवक पीछे से आए। आरोप है कि एक ने उसे पीछे से पकड़ लिया व चाकू की नोक पर आरोपियों ने उसकी जेब में से मोबाइल फोन व पांच हजार रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।