हिसार। अब रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और भी चाक-चौबंद होगी। इसके लिए स्टेशन पर 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से फुट ओवरब्रिज की सीढि़या भी कवर की जाएगी। हालांकि अभी तक फुट ओवरब्रिज की सीढि़यों पर एक भी कैमरा न होने के कारण सीढि़यों पर चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। कुछ माह पहले ही बड़वाली ढाणी निवासी उर्मिला का किसी अज्ञात ने कंधे पर लटका पर्स को काट लिया था। पर्स में मोबाइल व नकदी थी। यह घटना सीढि़यों पर चढ़ते समय हुई थी। मगर जब कैमरे देखे गए तो पता चला कि सीढि़यों पर एक भी कैमरा नहीं लगा हुआ है, लेकिन अब सीढि़यों पर कैमरे लगने के बाद चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा।
बता दें, कि रेलवे स्टेशन पर 44 कैमरे लगे हुए थे, लेकिन स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत काम चल रहा है। इस कारण 8-10 कैमरों को हटाया गया है। मगर कुछ समय बाद यहां 35 सीसीटीवी कैमरे और लगाने का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल प्लेटफार्म से लेकर वेटिंग हॉल सहित अन्य जगहों पर कैमरे लगे हुए हैं।
आरपीएफ बताएगा लोकेशन, कहां-कहां लगेंगे कैमरे
रेलवे स्टेशन पर लगने वाले 35 कैमरे को लेकर आरपीएफ निर्णय लेगा कि कहां-कहां कैमरे लगाए जाएंगे। जहां यात्रियों की ज्यादा भीड़ रहती है, उस पर फोकस किया जाएगा। फुट ओवरब्रिज की सीढि़यों के अलावा अन्य जगह कैमरे लगाए जाएंगे। जल्द ही आरपीएफ की ओर से प्लानिंग की जाएंगी कि कहां-कहां कैमरे लगवाने की जरूरत हैं। उसी के अनुसार रेलवे के टेलीकॉम विभाग की ओर से कैमरे लगाने का काम किया जाएगा।
-
रेलवे स्टेशन पर 35 सीसीटीवी कैमरे और लगाए जाएंगे। आरपीएफ ही कैमरे लगवाने की लोकेशन बताएगा। जल्द ही कैमरे लगाने का काम शुरू किया जाएगा। इससे स्टेशन की सुरक्षा और भी चाक-चौबंद हो जाएगी।
- सुनील कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, टेलीकॉम, रेलवे