हिसार। रविवार को अब तक के एक दिन में सर्वाधिक 272 कोरोना संक्रमित के मामले आए हैं। नारनौंद के जजपा विधायक रामकुमार गौतम भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। शनिवार को हांसी के विधायक विनोद भयाना संक्रमित पाए गए थे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को सबसे ज्यादा 44 गृहणियां व 36 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित हुए हैं। 2 जज, 7 डॉक्टर, 7 पुलिस कर्मचारी, 9 शिक्षक, 16 स्वास्थ्य कर्मचारी, 10 सैनिक भी कोरोना की चपेट में आए गए हैं।
रविवार को नारनौंद के जजपा विधायक भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने कोरोना संक्रमित की रिपोर्ट आने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि पिछले 3-4 दिन में जो भी व्यक्ति उनके संपर्क में आए हैं वे अपनी कोविड जांच अवश्य करवाएं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने स्वयं को होम आइसोलेट कर लिया है। रविवार को दो छोटे बच्चे भी कोरोना संक्रमित मिले।
यह बोले स्वास्थ्य अधिकारी
डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि जिले में एक्टिव केस बढ़कर 1031 हो गए हैं। रिकवरी रेट घटकर 96.08 प्रतिशत हो गया है। जिले में 852895 लोगों की जांच की जा चुकी है। जिनमें संक्रमण के कुल 55467 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 53294 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं।
20 लाख 88 हजार 39 लग चुकी डोज
कोरोना महामारी की तीसरी लहर के खतरों को सीमित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सघन वैक्सीनेशन अभियान लगातार जारी है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. तरुण ने बताया कि अभियान के तहत अभी तक कुल 20 लाख 88 हजार 39 वैक्सीन डोज दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 12 लाख 55 हजार 110 लोगों को वैक्सीन की प्रथम डोज और 8 लाख 32 हजार 929 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी जा चुकी है।
इसी प्रकार से 14 हजार 580 हेल्थ केयर वर्कर ने पहली डोज, 14 हजार 445 ने दूसरी डोज तथा 3 हजार 53 हेल्थ केयर वर्कर ने एहतियात डोज ली है। 8785 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने पहली डोज, 8667 ने दूसरी डोज और 404 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने एहतियात डोज ली है। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से ऊपर के 1 लाख 62 हजार 204 नागरिकों ने पहली डोज, 1 लाख 20 हजार 633 लोगों ने दूसरी डोज तथा 350 लोगों ने एहतियात डोज भी ली है। 15 से 18 आयु वर्ग के 62 हजार 898 युवाओं ने वैक्सीन की पहली डोज ली है।
अग्रोहा के मेडिकल में 11 कोरोना संक्रमित दाखिल
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 11 हो गई है। मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी एवं डीएमएस डॉ. राजीव चौहान ने बताया की 93 लोगों के कोरोना टेस्ट कराए गए हैं। जिनमें से 19 मेडिकल कॉलेज सहित 38 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिन्हें होम आइसोलेशन भेज दिया गया है। 11 मरीजों को कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा दो ब्लैक फंगस से पीड़ित मरीज भर्ती हैं। एक को डिस्चार्ज कर दिया है।