हिसार। डेंगू मरीजों के लिए अब नागरिक अस्पताल में बेड नहीं बचे हैं। डेंगू के मरीजों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया जा रहा है। जिले में डेंगू के 208 केस मिलने के बाद भी अब तक डेंगू स्पेशल वार्ड नहीं बनाया गया है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में डेंगू का अलग वार्ड बना दिया गया है। सोमवार को जिले में डेंगू के 25 नए मामले सामने आए। डेंगू आशंकित तीन बच्चों की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके घर जाकर ओपीडी स्लिप सहित अन्य रिकॉर्ड की मांग की। परिजनों के पास डेंगू के बारे में पुख्ता सुबूत नहीं मिले।
इमरजेंसी वार्ड के सभी 11 बेड फुल हो चुके हैं। वार्ड 11 के सभी 37 बेड भी फुल हो चुके हैं। अस्पताल में डेंगू आशंकित व डेंगू के 64 मरीज हैं। मरीजों को वार्ड नंबर पांच में शिफ्ट किया जा रहा है। मरीजों को अब अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। सीजन में अब तक 1332 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 208 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। 133 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में फिलहाल डेंगू के 74 सक्रिय मरीज हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देव वाटिका कॉलोनी और हरी नगर से मिले डेंगू मरीजों के घरों में और घरों के आसपास डेंगू टेस्ट, कोविड-19 टेस्ट के लिए सैंपल लिए। साथ ही मलेरिया की जांच के लिए ब्लड स्लाइड बनाई गई। यहां डेंगू संदिग्ध मरीजों के 37 सैंपल लिए गए। 34 सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए तथा मलेरिया जांच के लिए 24 ब्लड स्लाइड बनाई गई।
11 वर्षों में मिले डेंगू-मलेरिया के केस
वर्ष मलेरिया डेंगू
2011 9308 02
2012 4433 22
2013 1748 199
2014 582 17
2015 199 1140
2016 198 496
2017 168 538
2018 95 282
2019 46 168
2020 00 117
2021 00 208
ये मिले नए मरीज
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि सोमवार को बैंक कालोनी से तीन वर्षीय बच्चा, रूप नगर से सात वर्षीय बच्चा, धांसू से 13 वर्षीय किशोर, आजाद नगर की ऑफिसर कॉलोनी से 15 वर्षीय किशोर, शिव नगर से 17 वर्षीय किशोर, कैमरी रोड पर रेलवे फाटक के समीप से 18 वर्षीय युवक, भारत नगर से 19 वर्षीय युवक, मॉडल टाउन से 21 वर्षीय युवक, गांव जुगलान से 21 वर्षीय युवक, सेक्टर-13 से 37 वर्षीय युवक, गांव सिवानी बोलान से 24 वर्षीय युवक, हांसी में अग्रसेन कालोनी से 25 वर्षीय युवती, रेलवे कालोनी से 26 वर्षीय युवक, मॉडल टाउन से 28 वर्षीय युवक, गांव भैणी बादशाहपुर 29 वर्षीय युवक, आदर्श कॉलोनी से 30 वर्षीय युवती, गांव खारा बरवाला से 33 वर्षीय युवक, डाबड़ा चौक एरिया से 33 वर्षीय युवती, शास्त्री नगर से 40 वर्षीय महिला, हरी नगर से 43 वर्षीय व्यक्ति, सुंदर नगर से 45 वर्षीय महिला, कैमरी रोड स्थित अमरदीप कॉलोनी से 48 वर्षीय व्यक्ति, प्रेम नगर से 63 वर्षीय वृद्धा और अमरदीप कॉलोनी से 63 वर्षीय वृद्धा डेंगू पाजिटिव मिले हैं।
इस बार ज्यादातर चपेट में आ रहे बच्चे
सोमवार को नागरिक अस्पताल के वार्ड नंबर 11 और नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी में तीन डेंगू संदिग्ध मरीज दाखिल हुए। वार्ड नंबर 11 में दाखिल न्यू ऋषि नगर निवासी 20 वर्षीय युवक ने बताया कि उसे पिछले 6/7 दिन से बुखार था। चेकअप करवाया तो रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। इमरजेंसी वार्ड में पटेल नगर से 14 वर्षीय किशोरी बुखार से पीड़ित मिली। डॉक्टरों ने किशोरी की डेंगू जांच के लिए सैंपल भिजवाया है। किशोरी की प्लेटलेट्स भी कम आई हैं। 12 क्वार्टर क्षेत्र में नेता कॉलोनी में भी एक 10 वर्षीय बच्ची बुखार से पीड़ित मिली।
सेक्टर-13 में नहीं हुई फॉगिंग
हमारे वार्ड के सेक्टर 13 में एक बार भी फॉगिंग नहीं हुई है। नगर निगम कमिश्नर को लिखित में शिकायत दी है। फॉगिंग के साथ-साथ सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, एचएसवीपी और नगर निगम की बैठक होनी चाहिए।
-अमित ग्रोवर, पार्षद, नगर निगम।
बारिश से पनपे मच्छर
22-23 सितंबर को होने वाली बारिश के कारण सबसे अधिक मच्छर पनपे। 26 सितंबर को एचएसवीपी, निगम व अन्य सभी विभागों को अलर्ट कर पानी निकलवाने के लिए सचेत किया था। 200 लीटर दवा की मांग की थी। एक हजार रुपये किलो की यह दवा भी पूरी नहीं मिली। डेंगू से बचाव के लिए निगम ने वार्ड वाइज शेड्यूल तो जारी किया, लेकिन फॉगिंग नहीं कराई। संसाधनों की कमी और लापरवाही के कारण हालात इतने खराब हुए हैं।
डॉ. रमेश पूनिया, जीव वैज्ञानिक, नागरिक अस्पताल, हिसार।
मेडिकल कॉलेज में 12 मरीज
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती डेंगू के मरीजों की संख्या 12 हो गई है। डेंगू से पीड़ित मरीजों के लिए एक अलग वार्ड बनाया गया है। सोमवार शाम को पटेल नगर हिसार से 10 व 14 वर्षीय दो बच्चों सहित चार नए डेंगू से पीड़ित मरीज भर्ती हुए हैं। कोरोना संक्रमण का कोई भी मामला नहीं आया है।
-डॉ. राजीव चौहान, डीएमएस, मेडिकल कॉलेज हिसार।