गांव मुजादपुर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : Hisar
हांसी। गांव मुजादपुर निवासी किसान साधु राम मलिक के मकान पर सोमवार की रात्रि बदमाशों ने धावा बोल दिया। चोर मकान से हजारों रुपये की नकदी एवं लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
गांव मुजादपुर निवासी किसान साधु राम मलिक ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के सामने वाले प्लाट में सो रहे थे। कुछ परिवार के सदस्य मकान के ऊपर सो रहे थे। जैसे ही वह सुबह पांच बजे उठे तो देखा की घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। साधू राम मलिक ने बताया कि चोरों ने मकान के ताले तोड़ कर कमरों में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी व संदूक का ताला तोड़ा कर बड़े आराम से पूरे घर को खंगाल डाला। साधु राम मलिक के मुताबिक चोर घर के कमरों से करीब 22 तोले के सोने के आभूषण व 60 हजार रुपये करीब की नकदी चोरी कर ले गए हैं। घटना को अंजाम देकर चोर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई । मौके पर पहुंचे एसआई सुरेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने साधू राम की शिकायत पर अज्ञात में चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साधू राम के पुत्र अमित मलिक ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले की सारी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई हैं। अमित ने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने में पांच व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं।