हांसी। हरियाणा पुलिस भर्ती में नौकरी लगने के लिए एक युवक ने अपने पिता से 15 लाख रुपये मांगे। इस दौरान जब पिता ने रुपये देने से इनकार लिया तो तैश में आकर युवक ने उन पर हमला कर दिया। घायल पूर्व सरपंच को उपचार के लिए हांसी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान पर आरोपी बेटे के खिलाफ जान से मारने धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत में जमावड़ी गांव निवासी पूर्व सरपंच हंसराज ने बताया कि उसका पुत्र विशेष पिछले 4-5 दिनों से हरियाणा पुलिस की भर्ती में लगने के लिए उससे 15 लाख रुपये मांग रहा था जिसे उन्होंने मना कर दिया। 7 अगस्त को करीब साढ़े 4 बजे वह अपने घर पर ही था। उसका पुत्र विशेष हरियाणा पुलिस कांस्टेबल का पेपर देकर घर आया और आते ही गाली-गलौज करने लगा। कहने लगा कि 15 लाख रुपये नहीं दिए, इसलिए मेरा पेपर सही नहीं हुआ। इसके बाद विशेष ने अपने पिता हंसराज को जमीन पर गिरा दिया और उसके मुंह पर मुक्का मारा। हंसराज की पत्नी और बेटी ने उसे छुड़वाया और अस्पताल में भत्री कराया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।