हरियाणा के जिला फतेहाबाद की हंस मार्केट में मैटरनिटी होम पर रविवार दोपहर को स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारकर गर्भपात करने के औजार और दवाएं सील कर दीं।
मैटरनिटी होम को गांव झलनियां के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में तैनात एएनएम चला रही थी। नर्स के पास मैटरनिटी होम और दवाइयों का कोई रिकार्ड नहीं था।
टीम ने दवाइयों और अन्य औजाराें को सील कर पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है। सीएमओ डा. सूरजभान कंबोज ने नर्स के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि हंस मार्केट के पीछे अवैध रूप से एक मैटरनिटी होम में महिलाआें की डिलीवरी की जा रही है।
हिसार से सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर आदर्श गोयल, ड्रग इंस्पेक्टर रजनीश धानीवाल, सिविल अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डा. रेणू ने पुलिस के साथ मिलकर मैटरनिटी होम पर छापा मारा।
इसे पीएचसी झलनियां में एएनएम के पद पर तैनात राधा कंबोज निवासी गांव भिरडाना चला रही थी। टीम ने मैटरनिटी होम से गर्भपात करने के औजार, गर्भपात की दवाइयां और कुछ अन्य नशीली दवाइयां सील कर दी हैं।
कोट
मैटरनिटी होम पूरी तरह से गैरकानूनी चल रहा था। यहां पर गर्भपात करने में प्रयोग होने वाले औजार मिले हैं। इसे सरकारी नर्स चला रही थी, जो कानून गलत है। नशीली दवाइयां भी मिली हैं, जिनका कोई रिकार्ड नहीं है। स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट सौंपकर शहर पुलिस को नर्स के खिलाफ एमटीपी एंड ड्रग एक्ट के तहत कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
-डा. सूरजभान कंबोज, सिविल सर्जन