हरियाणा मे खाप पंचायतों की तानाशाही और बढ़ गई है। समान गोत्र और एक ही गांव में शादी का विरोध करने वाली खाप ने अब यह दायरा और बढ़ा दिया है।
रोहतक जिले की खाप पंचायत ने घोषणा की है कि अब उस क्षेत्र के आठ गांवों के लड़के और लड़कियां शादी नहीं कर सकते।
आठ गांवों के खाप प्रधान आनंद कुमार ने सोमवार को कहा कि गांव की परंपरा के अनुसार सिंहपुरा खुर्द, सिंगपुरा कालान, बाहू जमालपुर, बाहू अकबरपुर, गढ़ी खेरी, ताजा माजरा, सुंदरपुरा और भाली गांव की महिलाएं और पुरुषों की शादी नहीं होगी। इन गांवों के लड़के और लड़कियां भाई-बहन हैं।
इस क्षेत्र के रहने वाले रविंदर और ज्योति के गांव में विरोध के चलते भागकर शादी करने के बाद यह घोषणा की गई है। इन दोनों की जान को इस समय खतरा बना हुआ है। वह किसी गुप्त स्थान पर रह रहे हैं और गांव के दबाव में घर नहीं लौट रहे हैं।
यहां तक कि रविंदर के परिवार के दोनों को अपना लेने से उनकी जान पर भी खतरा बना हुआ है और उन्हें पुलिस सुरक्षा दी गई है।
जाति बनी जान की दुश्मन
गाढ़ी खेरी गांव की ज्योति रोहतक आई सी कॉलेज की छात्रा है और रविंदर रोहतक में ऑटो वर्कशॉप चलाता है।
ज्योति के गांव से पांच किलोमीटर दूर सिंघापुरा गांव में रविंदर का घर है। ये दोनों अलग-अलग जातियों से हैं लेकिन ज्योति पिछड़ी जाति से है और रविंदर ऊंची।
पिछले हफ्ते सिघापुरा खुर्द में पंचायत की गई थी और रविंदर के परिवार से दोनों को पेश करने के लिए कहा गया था। पंचायत से डरी हुईं रविंदर की मां ने रोहतक पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल से दो अक्तूबर को गांव वालों की धमकियों की शिकायत की। पुलिस ने चार गांव वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लेकिन खाप नेता पुलिस अधीक्षक के सामने इन आरोपों से मुकर गए और कहा कि वो चाहते हैं कि ज्योति खुद आकर कहे कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है।
ज्योति के माता-पिता इस शादी के खिलाफ हैं और उनके दोनों को जान से मारने की धमकी देन की बात भी सामने आई थी।
मुख्यमंत्री ने लिया खाप का पक्ष
राष्ट्रीय सर्व जाट खाप पंचायत के प्रवक्ता सूबे सिंह सामेन के अनुसार बनिया खाप के नैन गोत्र से संबंधित 52 गांवों में रहने वाले लड़के-लड़कियों की शादी नहीं हो सकती। यही नियम सिहोरन, सांगवन और हूडा खाप में भी अपनाया गया है।
पिछले हफ्ते हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा था कि ऑनर किलिंग एक पाप है लेकिन खाप पंचायतें किसी को नहीं मारतीं।