हरियाणा में कन्या भ्रूण हत्या और लिंग जांच का काम धड़ल्ले से चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के मारे गए छापों में यह सच सामने आ गया है।
हरियाणा से दिल्ली तक इस धंधे में झोलाछाप संलिप्त हैं। जो बीच में दलाली का काम कर रहे हैं।
लिहाजा अब कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने 8288014141 हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है।
इसके अलावा टोल फ्री नंबर 102 पर भी इसकी सूचना दी जा सकती है।
इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना देने वाले व्यक्ति को बीस हजार रुपये का इनाम भी दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक और खाद्य एवं औषध विभाग के आयुक्त डा. राकेश गुप्ता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में मारे गए छापों के दौरान कई डॉक्टरों को पैसों के लालच में लिंग का निर्धारण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है और इस अपराध में संलिप्त क्लीनिकों को भी सील किया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग हरियाणा और खाद्य एवं औषधि विभाग मिल कर राज्य के पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक दौरा कर रहे हैं।
निरीक्षण कर रहे हैं कि वहां पर इस प्रकार की कोई अवैध गतिविधि तो नहीं हो रही।
उन्होंने बताया कि छोटे से छोटा सुराग मिलने पर ही दोनों विभाग सक्रिय होकर उस जगह पर छापा मारते हैं और ऐसे जघन्य अपराध में लिप्त पाए जाने व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दायर करवाते हैं।