हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक अच्छी खबर है।
अब परीक्षा की तैयारी किताबों के साथ-साथ स्मार्टफोन पर भी संभव हो सकेगी।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के तीन पूर्व रिसर्च स्कॉलर ने एचटेट ऐप बनाया है।
इसकी विधिवत लॉचिंग इंडियन नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन (इनसो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिग्विजय चौटाला ने बुधवार को दिल्ली में की।
लॉचिंग के दौरान इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तीनों युवाओं को बधाई दी और भविष्य में आगे भी इस तरह के रचनात्मक कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि इस एप्लीकेशन से इस बार परीक्षा में उत्तीर्ण हो रहे वे चार लाख अभ्यार्थी सीधे फायदा उठा सकेंगे और तकनीक के माध्यम से एचटेट परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे।
दिग्विजय सिंह चौटाला ने इन तीनों युवाओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस एप्लीकेशन के माध्यम से अभ्यर्थी बसों, ट्रेन और खाली समय में फोन से तैयारी कर सकते हैं, जो परीक्षा के समय रामबाण का काम करेगी।
इस एप्लीकेशन को बनाने वाले तीनों रिसर्च स्कालर मनोज कौशिक, रमेश कुमार और अजय कुमार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं।
एप्लीकेशन की जानकारी देते हुए मनोज कौशिक ने बताया कि यह एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद है। जिसे कोई भी एंड्रायड यूजर एचटेट के नाम से सर्च करके डाउनलोड कर सकता है।
सवालों के बारे में जानकारी देते हुए रमेश कुमार नोखवाल ने बताया कि एप्लीकेशन में पंद्रह सौ से ज्यादा वैकल्पिक सवाल डाले गए हैं। जो एचटेट से जुड़े सभी विषयों को कवर कर रहे हैं।
अजय कुमार ने एप्लीकेशन के तकनीकी पहलू पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सभी विषयों को अलग-अलग चैप्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सवाल के चार विकल्प दिए गए हैं।
जैसे ही यूजर सवाल के उत्तर का चयन करेगा। सही जवाब में तुरंत हरा और गलत जवाब पर लाल हो जाएगा।