हरियाणा के जिला जींद के गांव धरोदी के निवासियों ने पेयजल किल्लत से परेशान होकर बुधवार दोपहर को बस स्टैंड के निकट सड़क पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया।
इससे आधा घंटे तक आवागमन बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई।
सदर थाना प्रभारी सुरेश कुमार और पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ दलबीर सिंह ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
गांव की गढ़ी पत्ती में पेयजल की सप्लाई नियमित रूप से सुबह नहीं हो रही। बुधवार दोपहर ग्रामीण जलघर पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों से अपनी समस्याएं बताईं।
ग्रामीण कर्मचारियों के जबाव से संतुष्ट नहीं हुए और चेंबर पर ताला लगा दिया। उन्होंने बस स्टैंड के निकट अवरोधक डालकर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से पेयजल की सप्लाई नहीं आ रही, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने मांग की कि उन्हें हर रोज सुबह पेयजल की सप्लाई की जाए ताकि वे अपने काम निपटाकर खेतों में काम के लिए जा सकें, जबकि कर्मचारियों के अनुसार कई बार सुबह बिजली नहीं होती, जिसके कारण पेयजल की सप्लाई नहीं दी जा सकती।
एसडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को ध्यान में रखकर सप्लाई की जाएगी। तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला।