हरियाणा के जिला जींद के गांव हमीरगढ़ के 46 बीपीएल परिवारों को महात्मा गांधी योजना के तहत दिए प्लॉट सिरदर्द बन गए हैं।
प्रशासनिक अमला प्लाटाें की निशानदेही और कब्जा दिलाकर वापस लौटा था कि रात को कब्जाधारियों ने फिर से कब्जा कर लिया, जबकि खंड विकास एवं पंचायत विभाग अलॉट प्लॉटों पर कब्जे की बात से मना कर रहा है।
उधर, गढ़ी थाना पुलिस ने बीपीएल प्लॉट धारक की शिकायत पर एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव हमीरगढ़ में महात्मा गांधी योजना के तहत पंचायती जमीन पर 46 बीपीएल परिवारों को प्लॉट आबंटित किए थे। उस पंचायती जमीन पर कुछ दबंगों ने कब्जा किया हुआ था।
गत एक दिसंबर को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी आशा वर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने गांव हमीरगढ़ पहुंच कर आबंटित किए जाने वाले प्लाटों की निशानदेही करवा कर कब्जा छुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर ली। रात को ही कुछ दबंगों ने आबंटित प्लॉटों की ट्रैक्टर से जुताई कर दी।
इसके बाद गढ़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गढ़ी थाना पुलिस ने प्लॉट धारक देशरिया की शिकायत पर गांव के ही अनिल, राज, चरणू, सविया, सतीश, महेंद्र, मंजीत, बिंद्र, राजपाल, मनोज, सुनील, अजमेर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।