हरियाणा के जिले कैथल में स्टेट बैंक आफ इंडिया करनाल रोड शाखा से एक व्यक्ति दिनदहाड़े अलमारी में से पांच लाख रुपये चोरी कर ले गया।
व्यस्त समय होने के कारण बैंक में कई उपभोक्ताओं सहित कर्मचारी भी मौजूद थे। इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घटना में एक बार फिर से बैंक अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। बैंक परिसर के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरा घटनाक्रम तो दर्ज हो गया, लेकिन चोर की तस्वीर साफ नहीं आ रही है।
बहरहाल पुलिस ने इस मामले में कैशियर की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बैंक के नियमित कार्य के दौरान शाम को 5 लाख रुपये का कैश कम पाया गया। इससे बैंक में हड़कंप मच गया।
कर्मचारियों ने काफी खोजबीन की। लेकिन नकदी के बारे में कोई सूचना नहीं मिली।
इसके बाद बैंक के आला अधिकारियों को भी सूचित किया गया। कैशियर जोगी राम ने बताया कि बैंक मैनेजर छुट्टी पर चल रहे थे।
इसी बीच घटना के दिन सुबह ग्यारह बजे के आस-पास बैंक के बाहर स्थित एटीएम खराब हो गया। इस कारण वे अपनी सीट से उठकर बाहर चले गए।
इसी बीच कैथल निवासी विनोद नामक व्यक्ति पीछे से उनकी सीट के निकट आया। उसने किसी तरह से अलमारी की चाबी का प्रबंध करके उसमें रखी 5 लाख रुपये की राशि चोरी कर ली और फरार हो गया।
बाद में काफी खोजबीन के बाद सीसीटीवी फुटेज से यह जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस और आला अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया है।
पूरा बैंक सीसीटीवी की जद में नहीं
अधिकारियों के अनुसार बैंक में निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण पूरा बैंक सीसीटीवी कैमरों की जद में नहीं है। जिस सीसीटीवी कैमरे में यह वारदात रिकॉर्ड हुई है, उसमें चोरी करने वाले व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है। यह लापरवाही का मामला है।
जिला प्रशासन समय-समय पर बैंको व अन्य संस्थानों में सुरक्षा के चलते उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी लगवाए जाने की अपील की जाती रही है। लेकिन अधिकतर बैंकों में कम गुणवत्ता वाले सीसीटीवी लगाकर औपचारिकता पूरी कर ली जाती है।