कलानौर कस्बे के अजीत पेट्रोल पंप के पास रविवार रात कार की चपेट में आने से बाइक सवार गांव बसाना निवासी जयबीर और उसके बारह वर्षीय बेटे कपिल की मौत हो गई। पिता-पुत्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात जयबीर अपने बेटे कपिल के साथ बाइक पर कलानौर से बसाना आ रहा था। जब वह अजीत पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से जयबीर और कपिल सड़क के बीचोंबीच गिर गए। कपिल की मौके पर ही मौत हो गई और जयबीर गंभीर रुप से घायल हो गया।
घटना के बाद वहां काफी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए और उन्हाेंने दोनों को पीजीआई में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान जयबीर की मौत हो गई। मेडिकल पुलिस चौकी द्वारा सूचना मिलने पर कलानौर पुलिस पीजीआई पहुंची और दोनों के शवों को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और इस संबंध में लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने इस संबंध में मृतकों के परिजनों के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पिता-पुत्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजनाें में कोहराम मच गया।