फतेहाबाद। सीआईए फतेहाबाद टीम ने भूना क्षेत्र में गश्त के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं। थाना भूना में दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं।
सीआईए फतेहाबाद पुलिस की टीम एचसी रोहताश कुमार के नेतृत्व में गश्त के दौरान भूना में बाबा राणाधीर मंदिर के पास पहुंची तो फतेहाबाद मेन रोड की तरफ से आ रह एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे काबू कर लिया तो उसने अपना नाम विक्की निवासी नजदीक बाबा राणाधीर मंदिर भूना बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्तौल व दो कारतूस 32 बोर बरामद हुए। दूसरे मामले में सीआईए फतेहाबाद की टीम ने एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में भूना में गश्त के दौरान वीटा बूथ के पास से वाल्मीकि बस्ती भूना निवासी मोनू नामक युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पिस्तौल 315 बोर व दो कारतूस बरामद हुए। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।