फतेहाबाद। गांव बीघड़ में टंकी में पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। दो बेटों ने मिलकर अपने पिता की डंडे से पिटाई कर दी। खून से लथपथ पिता को अस्पताल भी नहीं पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उसके भतीजा अस्पताल लेकर आया। मामले में सदर पुलिस ने गांव बीघड़ निवासी साधुराम के बयान पर आरोपी बेटे सोनू और सतबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अस्पताल में उपचाराधीन गांव बीघड़ निवासी साधुराम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके दो लड़के सोनू और सतबीर जो कि शादीशुदा हैं। वीरवार सुबह मकान की छत पर जाकर बेटे सोनू और सतबीर को कहा कि तुमने मेरी पानी की टंकी खाली कर दी। इसप दोनों बेटों ने बहसबाजी शुरू कर दी और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाया तो बेटों ने रास्ता रोक लिया और धमकी दी। इस दौरान भतीजा राजेश आ गया और दोनों बेटे डंडे लेकर चले गए। इसके बाद भतीजा मोटरसाइकिल पर बिठाकर लाया और अस्पताल में दाखिल करवाया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे सोनू और सतबीर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।