फतेहाबाद के गीता मंदिर रोड पर हाथ में डंडे लेकर दूसरी गली में जाते हुए युवक।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शहर के गीता मंदिर रोड पर फिर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट बरसाई और डंडे दिखाए। करीब 20 मिनट तक दोनों पक्ष गीता मंदिर रोड और कबीर बस्ती रोड पर गुंडागर्दी करते रहे और हाथ तलवारें लेकर लहराते रहे।
बता दें कि शुक्रवार दोपहर में दो पक्षों के करीब 15 से 20 युवकों ने एक-दूसरे पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। जिससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले दो पक्षों के हमलावर युवक मौके से भाग चुके थे। दो दिन पहले बुधवार रात को भी दो पक्ष आपस में भिड़े थे और एक-दूसरे पर ईंटें बरसाई थी। इस दौरान तीन गाड़ियों के शीशे भी टूटे थे।
कार्रवाई न होने से बढ़ा हौसला
दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। इसमें एक पक्ष गुरुनानकपुरा मोहल्ला और दूसरा पक्ष कबीर बस्ती का बताया जा रहा है। बुधवार रात को भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंटें बरसाई थी और मामले को लेकर सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई थी। मामले में पुलिस ने शिकायत न आने का हवाला देकर कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसके चलते दोनों पक्षों में हौसला बढ़ गया और शुक्रवार को फिर गुंडागर्दी दिखाते हुए हमला किया।