रतिया। रतिया शहर थाना पुलिस ने गांव दिगोह निवासी मंगल सिंह की शिकायत पर उसकी बेटी को कनाडा भेजने के नाम पर 2 लाख 26 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपियों में मोहाली निवासी नितेंद्र शर्मा, कीर्ति व जसप्रीत कौर का नाम शामिल है, जो स्टडी वीजा लगवाने का काम करते हैं।
आरोप है कि आरोपियों ने कुल सात लाख रुपये मांगे थे। रुपये लेने के बावजूद न तो बेटी को कनाडा भेजा और न ही रुपये दिए। मामले की शिकायत गृह मंत्री अनिल विज को की गई थी। इसके बाद रतिया पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। शिकायत में मंगल सिंह ने बताया कि उसकी बेटी जसप्रीत कौर साल 2019 में चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रही थी। जसप्रीत कौर ने कनाडा में पढ़ाई के लिए स्टडी वीजा लगवाने के लिए बात की। साल 2020 में आरोपियों ने कहा कि वे कनाडा में पढ़ाई करने के लिए स्टडी वीजा लगवा देंगे। इसके लिए सात लाख रुपये मांगे। उन्होंने उनसे 2 लाख 63 हजार रुपये ले लिए। कई दिन तक जसप्रीत को कनाडा भेजने को लेकर आनाकानी करते रहे। कोरोना व लॉकडाउन का बहाना बनाने लगे। उन्होंने कहा कि जसप्रीत का स्टडी वीजा रद्द कर दिया है। उन्होंने रुपये मांगे तो बाउंसर बुला लिए और साढ़े 37 हजार रुपये का चेक देकर कहा कि इससे ज्यादा कुछ नहीं मिलेगा और बाउंसरों का भय दिखाकर उनसे कागजों पर साइन करवा लिए।
गृह मंत्री अनिल विज ने मिली शिकायत के आधार पर पुलिस अधीक्षक को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गृह मंत्री अनिल विज के आदेशों के बाद रतिया पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया। रतिया शहर एसएचओ रूपेश चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोहाली निवासी नितेंद्र शर्मा, कीर्ति व जसप्रीत कौर के खिलाफ धारा 406, 420 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।