फतेहाबाद। फतेहाबाद की साइबर सेल पुलिस ने भट्टू कलां के डॉ. बलबीर बेनीवाल को आर्मी के अफसर बताकर उनके खाते से आठ लाख से अधिक रुपये निकालने के दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। आरोपियों की पहचान नूंह जिले के गांव सिंगार निवासी मोहम्मद असलम और सिंगार झेरा निवासी मोहम्मद इरसाद के रूप में हुई है।
इस मामले में भट्टू कलां थाना पुलिस ने 27 जनवरी 2022 को भट्टू कलां के मॉडल टाउन निवासी डॉ. बलबीर सिंह की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ षड़यंत्र रचने व धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में डॉ. बलबीर ने बताया था कि उनका राजस्थान के बीकानेर के गांव महाजन में खजूर का फार्म हाउस है। 12 जनवरी 2022 को उनके मोबाइल पर फोन आया और सामने वाले व्यक्ति ने अपने आप को आर्मी कैंटीन बीकानेर का प्रबंधक बताते हुए अपनी पहचान एस गोविंदा राव के रूप में दी। एस गोविंदा राव ने उससे कहा कि वह आर्मी कैंटीन के लिए 100 किलोग्राम खजूर खरीदना चाहते हैं। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति कुुलदीप ने आर्मी कमांडेंट बताकर बात की। उसने खजूर की 40 हजार रुपये की पेमेंट एडवांस मांगी तो दोनों ने पहले अपने खाते में उससे पांच रुपये डलवाए। उसने नेट बैंकिंग के माध्यम से खाते में पांच रुपये डाल दिए और बाद में उन्होंने उसके खाते में 20 रुपये डाले। इसके बाद उन्होंने कहा कि जल्द ही उनके खाते में पेमेंट डाल दी जाएगी। आरोप है कि इसके बाद उनके खाते से एक बार 40 हजार और आठ बार 99 हजार 999 रुपये की ट्रांजेक्शन अलग-अलग खातों में कर ली गई।
अपराध के बाद बंद कर दिए थे खाते व मोबाइल
दोनों शातिरों ने ठगी के बाद जिन बैंक खातों में रुपयों की ट्रांजेक्शन की थी उनको व अपने मोबाइल को बंद करवा दिया था। तीन माह पहले एक आरोपी का मोबाइल ऑन हुआ तो पुलिस ने उस पर निगाह रखनी आरंभ कर दी और आखिरकार पुलिस दोनों आरोपियों को धर लिया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इरशाद से वारदात में प्रयोग किए गए तीन मोबाइल फोन, तीन पीओएस मशीन व 90 हजार रुपये बरामद करवाए तथा दूसरे आरोपी मोहम्मद असलम के कब्जे से एक मोबाइल फोन व तीन लाख 55 हजार की नकदी बरामद की है।
कोट -----
भट्टू कलां में डॉ. बलबीर बेनीवाल से दो लोगों ने ऑनलाइन ठगी की थी, उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
- आस्था मोदी, एसपी, फतेहाबाद