फतेहाबाद। शहर में मुख्य चौक-चौराहों पर जाम न लगे और यातायात कंट्रोल में रहे इसको लेकर पुलिस प्रशासन 70 होमगार्ड लगे होने का दावा कर रहा है। प्रत्येक चौक और मुख्य बाजार में मोड़ पर दो से तीन होमगार्डों की ड्यूटी लगाई गई है लेकिन धरातल पर हकीकत ये है कि ये होमगार्ड ड्यूटी कर ही नहीं रहे है असलियत ये है कि चौक में जाम लग रहा है और ये साइड में बैठकर आराम फरमा रहे हैं या फिर बातों में मस्त है।
शहर मुख्य चौक और बाजार में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पड़ताल की, जिसमें सामने आया कि तीन में से एक भी होमगार्ड एक समय में ड्यूटी नहीं कर रहा है, कर्मचारी के सामने चौक पर जाम लग रहा है लेकिन वह ट्रैफिक संभालने की जगह साइड में बैठकर आराम फरमा रहे हैं। शहर का बीघड़ चौक, जवाहर चौक, मल्टीपर्पस पार्किंग हो या फिर लालबत्ती चौक। संवाद
बीघड़ चौक : दोपहर 12:10 बजे
शहर के बीघड़ चौक पर सबसे पहले पड़ताल की गई। इस चौक से हिसार-सिरसा रोड, बीघड़ रोड, भीमां बस्ती के रास्ते निकलते हैं। यहां पर सुबह से लेकर शाम तक सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहता है। स्कूल छुट्टी होने के बाद जाम की स्थिति भयंकर हो जाती है। दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर पड़ताल की तो मिला कि चौक में जाम लगा था लेकिन तीन होमगार्ड साइड में बैठकर आराम फरमाते मिले।
मल्टीपर्पस पार्किंग के पास : दोपहर 1:04 बजे
शहर के मुख्य बाजार में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पुलिस प्रशासन ने मल्टीपर्पस पार्किंग के पास होमगार्ड तैनात कर रखे है लेकिन हकीकत ये है कि यहां भी कंट्रोल नहीं हो रहा है। तीन में से एक भी कर्मचारी व्यवस्था नहीं संभाल रहा है।
लालबत्ती चौक : दोपहर 1:26 बजे
शहर का सबसे ज्यादा ट्रैफिक यहां पर होता है। हालांकि यहां पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए लालबत्ती लगाई गई है, इसके साथ-साथ होमगार्ड भी तैनात किए गए है। पड़ताल में यहां भी होमगार्ड साइड में ही बैठे मिले।
जवाहर चौक : दोपहर 2:46 बजे
शहर के थाना रोड, मुख्य बाजार जाने वाले ट्रैफिक कंट्रोल के लिए जवाहर चौक में भी होमगार्ड तैनात कर रखे हैं लेकिन यहां भी कर्मचारी चौक में खड़े होकर ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। पड़ताल में यहां भी कर्मचारी साइड में बैठे आराम करते हुए मिले।
कोट
पुलिस विभाग की तरफ से चौक पर किसी कारण से ही होमगार्ड लगाए गए हैं ताकि ट्रैफिक कंट्रोल में रह सके। अगर होमगार्ड सही ढंग से ड्यूटी नहीं कर रहे हैं तो इसे चेक किया जाएगा।
- गीतिका जाखड़, डीएसपी फतेहाबाद।
बीघड़ चौक पर होमगार्ड तैनात होने के बावजूद लगा जाम।- फोटो : Fatehabad
बीघड़ चौक पर जाम की स्थिति के बावजूद साइड में बैठे होमगार्ड।- फोटो : Fatehabad