एमएम कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम व डीईओ।
- फोटो : Fatehabad
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से पुलिस में सिपाही पद के लिए शनिवार व रविवार को लिखित परीक्षा करवाई जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 47 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा करवाने के लिए प्रशासन ने 11 उड़नदस्ता टीम के साथ चार डीएसपी सहित 400 पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोग द्वारा सीसीटीवी लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर आने व जाने वालों की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। उपायुक्त महावीर कौशिक ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, सभी केंद्र अधीक्षकों, फ्लाइंग स्कवायड व सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि लिखित परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल न हो, इसके लिए हर अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को सही ढंग से निभाएं।
सुबह व शाम के दो सत्रों में होगी परीक्षा
लिखित परीक्षा कोविड-19 के प्रोटोकोल के अनुसार आयोजित की जाएगी। इसके लिए ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व केंद्र अधीक्षक परीक्षा देने के लिए आने वाले परीक्षार्थियों से मास्क लगवाना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा दो सत्र में आयोजित होगी, जिसमें सुबह के सत्र में 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम के सत्र में दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजकर 30 मिनट तक समय रहेगा।
यह ध्यान रखें अभ्यर्थी
बिना तलाशी प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षार्थी के पास केवल पहचान पत्र व आयोग द्वारा जारी रोल नंबर स्लिप होनी चाहिए।
कोई इलेक्ट्रिक डिवाइस नहीं होनी चाहिए।