फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली-पानी के लिए शहर में मचा हाहाकार, 12 घंटे तक गुल रही बत्ती

विज्ञापन
शहर के 33 केवी बिजली घर स्थित ट्रांसफार्मर की जगह। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
फतेहाबाद। भीषण गरमी में बिजली और पानी के लिए छाए संकट से शहर में हाहाकार मच गया है। 44 डिग्री तापमान में बिजली निगम की बेहाल व्यवस्था के कारण शहरवासियों की शुक्रवार की रात जागते हुए बीती। मुख्यालय से शेड्यूल के मुताबिक हो रही छह घंटे की बिजली कटौती के अलावा रात को कहीं पांच घंटे तो कहीं दो घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली कटों के कारण जनस्वास्थ्य विभाग निर्धारित समय पर पेयजल की आपूर्ति नहीं कर पा रहा है।
विज्ञापन

जिले में शुक्रवार शाम सात बजे से शनिवार रात 8 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इस कारण शहरवासियों के समक्ष दोहरा संकट हो गया है। दिनभर लोग बिजली आते ही पेयजल सप्लाई का इंतजार करते रहे। गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को भट्टू रोड स्थित 33 केवी बिजली घर का पावर ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इस कारण अधिकांश कॉलोनियों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। शुक्रवार शाम सात बजे से शनिवार रात 8 बजे तक लगभग 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बता दें कि बिजली निगम के अधिकारियों को मुख्यालय के निर्देश पर सिरसा से नया ट्रांसफार्मर मिला है। देर शाम तक ट्रांसफार्मर सिरसा से फतेहाबाद लाया गया। अब रविवार शाम तक इसे 33 केवी बिजली घर में इंस्टाल किया जाएगा। इसके बाद इस पर अस्थायी लोड डालकर देखा जाएगा। फिर इस पर शहर का लोड डाला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार नए ट्रांसफार्मर को शुरू होने में एक या दो दिन का समय लग सकता है।
रात 12 बजे गुल हुई बिजली, सुबह सवा पांच बजे आई
शहर की चौधरी कॉलोनी में शुक्रवार रात 12 बजे बिजली गुल हो गई। करीब सवा पांच घंटे तक बिजली बहाल नहीं हुई। शनिवार सुबह सवा पांच बजे बिजली आई। मगर एक घंटे बाद ही फिर से कट लगा दिया गया। इसके बाद सुबह 8.30 बजे फिर से कट लग गया। फिर 10.30 बजे बाद बिजली सप्लाई बहाल हुई।
विज्ञापन

बिजली निगम के व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल किए जनस्वास्थ्य अधिकारी
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक बिजली संकट से निजात मिलने की कोई संभावना नहीं है। मगर शहर में छाए पेयजल संकट को कम करने के लिए बिजली निगम व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हल निकाला है। बिजली निगम के अधिकारियों ने अपने बिजली कटों के शेड्यूल वाले व्हाट्सएप ग्रुप में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शामिल किया है। जनस्वास्थ्य विभाग को बिजली कट नहीं होने के दौरान ही सप्लाई छोड़ने के लिए कहा गया है ताकि घरों में पेयजल आपूर्ति हो सके। अब ग्रुप में शामिल होने से जनस्वास्थ्य अधिकारियों को पता चल जाएगा कि किस समय और कितनी देर के लिए बिजली कटौती होगी। उसी अनुसार पेयजल सप्लाई छोड़ी जा सकेगी।
रात 12 बजे बाद स्वीच ऑफ हेल्पलाइन नंबर, एसडीओ तो फोन ही नहीं उठा रहे
बिजली निगम के कर्मचारी इस संकटकाल में भी उपभोक्ताओं के सब्र का इम्तिहान ले रहे हैं। रात 12 बजे के बाद बिजली निगम की ओर से जारी किए स्थानीय हेल्पलाइन नंबर स्वीच ऑफ हो गए। लोग सिटी एसडीओ के फोन पर भी कॉल करते रहे, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। वहीं, उन्हीं के सीनियर एक्सईएन संदीप मेहता ने अलसुबह 2.30 बजे भी उपभोक्ताओं की कॉल रिसीव कर उन्हें संतोषजनक जवाब दिया।
----------
लाइट आते ही टूंटी पर नजर
दिनभर शहर में ऐसा माहौल रहा कि लाइट आते ही लोगों की नजर सीधी टूंटी पर रही। खासकर, महिलाएं जैसे ही बिजली आई तो मोटर चलाकर देखती रही कि पेयजल सप्लाई आई या नहीं। कुछ इलाकों में शाम तक आधे घंटे भी पेयजल सप्लाई नहीं चल सकी, जिस कारण घरों में पानी की टंकियां खाली ही रही।
------------
:: बिजली कटौती के कारण शहर में पेयजल सप्लाई प्रभावित रही। बिजली आते ही हमने सप्लाई छोड़ने का प्रयास किया है ताकि लोगों को पेयजल किल्लत न रहे। रविवार को व्यवस्था सुचारू रखने की पूरी कोशिश रहेगी।
दीपक कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग
---------
:: सिरसा से नया ट्रांसफार्मर मिल गया है। रविवार शाम तक उसे बिजली घर में लगाया जाएगा। बिजली कट के निर्देश मुख्यालय से ही मिल रहे हैं। उम्मीद है कि अगले दो-चार दिनों में स्थिति में सुधार हो जाएगा।
विज्ञापन

संदीप मेहता, एक्सईएन, बिजली निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें