शहर के लालबत्ती चौक स्थित मनी एक्सचेंज के कार्यालय में संचालक पर हमला कर लूट की वारदात को खिलौना पिस्तौल दिखाकर अंजाम दिया गया था। मामले का खुलासा तीन दिन के रिमांड पर लिए गए आरोपी गांव मुस्सेअली निवासी सुरेंद्र उर्फ करण तथा बनावाली सोत्तर निवासी सुरेंद्र उर्फ छिंदा ने किया है।
मामले में सीआईए पुलिस फतेहाबाद ने पकड़े गए आरोपियों से लूटी गई विदेशी करेंसी 1000 यूरो व 200 डॉलर के अलावा 10 हजार रुपये की भारतीय करेंसी, डीवीआर, वारदात में प्रयुक्त खिलौना टाइप पिस्तौल व मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी सुरेंद्र कुमार उर्फ करण निवासी मुस्सेअहली व सुरेंद्र उर्फ छिंदा निवासी बनावाली सोत्तर को रिमांड अवधि खत्म होने पर अदालत में पेश किया। यहां से इन्हें न्यायिक हिरासत में हिसार जेल दिया गया। इस मामले में एक आरोपी कमलदीप उर्फ दीपू निवासी नकटा को पहले ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 हजार रुपये व वारदात में प्रयोग चाकू को बरामद किया था।
ये था मामला
पुलिस ने एक सितंबर को एमसी कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज किया था। आरोप था कि लाल बत्ती चौक स्थित उसके मनी ट्रांसफर कार्यालय में तीन अज्ञात युवक घुस आए और उसके साथ मारपीट कर काउंटर की दराज से भारतीय व विदेशी करेंसी लेकर फरार हो गए थे। सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने अहम सुराग जुटाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लूटी गई नकदी व सामान बरामद कर लिया है।