कुलां। कृषि विभाग टोहाना की टीम ने उपमंडल अधिकारी मुकेश मेहला के नेतृत्व में सोमवार को कुलां व जाखल में दुकानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों से खाद व खरपतवारनाशक दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। उपमंडल अधिकारी ने कहा यदि खाद व दवा के सैंपल में कमी मिलती है तो संबंधित दुकानदार पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ मुकेश मेहला ने बताया कि टीम ने जाखल व कुलां में विभिन्न दुकानों से खाद व खरपतवारनाशक दवाओं के कुल आठ सैंपल लिए है। कुलां से पांच व जाखल से तीन नमूने संग्रहीत किए गए हैं। इसके साथ ही दुकानों पर खाद, बीज के स्टॉक की भी जांच की गई है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, दवा व बीज मुहैया कराना है। इस दौरान उन्होंने दुकान संचालकों से किसानों को उच्च गुणवत्ता की खाद, बीज उपलब्ध कराने का आह्वान करते हुए कहा कि खाद व खरपतवारनाशक दवा के सैंपल फेल होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।