फतेहाबाद। प्रशासन के किसानों को पराली जलाने से रोकने के दावों के बीच जिले में पिछले दो दिनों में ही सात स्थानों पर पराली जलाई गई है। अब पराली जलाने के मामले बढ़कर 13 हो गए हैं। ये सभी मामले पिछले दस दिनों में ही आए हैं। दूसरी तरफ गांवों में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम भी शुरू कर दिए गए हैं।
उपमंडल अनुसार कृषि अधिकारियों ने शेड्यूल तैयार कर लिया है। गांवों में अलग-अलग दिन टीमें जाकर किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए जागरूक करेंगी। जिले में इस सीजन में पराली जलाने का पहला मामला 27 सितंबर को आया था। उस दिन दो स्थानों पर पराली जलाई गई। इसके बाद 29 सितंबर को एक, 30 सितंबर को एक, फिर 2 अक्तूबर को एक, 4 अक्तूबर को चार और पांच अक्तूबर को तीन मामले आए हैं।
दो दिन पहले ही डीसी ने लगाई थी धारा 144
उपायुक्त अजय सिंह तोमर की ओर से दो महीने पहले ही धारा 144 लागू करके पराली जलाने पर पाबंदी लगाई गई थी। पराली जलाने वालों पर जुर्माने से लेकर एफआईआर तक दर्ज करवाने का प्रावधान है। ऐसे में प्रशासन पहले किसानों को समझाने पर अधिक जोर दे रहा है। उसके बाद अगर पराली जलाने के मामलों में बढ़ोतरी हुई तो और ज्यादा सख्ती करने का फैसला लिया जाएगा।